घरेलू शेयर बाजार में आज यानी 18 फरवरी को कारोबार की शुरुआत लगभग सपाट हुई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 83,400 के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 25,700 के आसपास बना हुआ है। बाजार में आज सेक्टोरल मिला-जुला प्रदर्शन देखने को मिल रहा है।
शुरुआती कारोबार में बैंकिंग और FMCG जैसे सेक्टरों के शेयरों में खरीदारी देखने को मिल रही है, जिससे बाजार को कुछ सहारा मिला। हालांकि, मेटल शेयरों में भी बढ़त है। इसके विपरीत, IT सेक्टर के शेयरों में बिकवाली का दबाव बना हुआ है, जो बाजार पर असर डाल रहा है। इससे पहले कल यानी 17 फरवरी को बाजार में तेजी का माहौल था।
एशियाई और अमेरिकी बाजारों का हाल
अगर वैश्विक बाजारों की बात करें तो जापान का निक्केई इंडेक्स आज 1.21% की मजबूत बढ़त के साथ 57,253 पर कारोबार कर रहा है। वहीं, दक्षिण कोरिया का कोस्पी, हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग और चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स आज बंद हैं।
इससे पहले 17 फरवरी को अमेरिकी बाजारों में मिला-जुला कारोबार रहा। डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 32 अंक (0.07%) की मामूली बढ़त के साथ 49,533 पर बंद हुआ। टेक-केंद्रित नैस्डैक कंपोजिट में 0.14% की तेजी आई और यह 22,578 पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्स भी 3 अंक (0.10%) चढ़कर 6,843 पर बंद होने में कामयाब रहा।
निवेशकों का रुझान: FII और DII ने क्या किया?
विदेशी और घरेलू निवेशकों के आंकड़ों पर नजर डालें तो विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 17 फरवरी को बाजार में वापसी करते हुए 999 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने भी 375 करोड़ रुपए की खरीदारी की।
हालांकि, इस महीने यानी फरवरी में अब तक FIIs ने कुल 1,350 करोड़ रुपए के शेयर बेचे हैं। इसके मुकाबले, DIIs ने बाजार को संभालते हुए 11,630 करोड़ रुपए की भारी खरीदारी की है। यह ट्रेंड जनवरी 2024 में भी देखने को मिला था, जब FIIs ने कुल ₹41,435 करोड़ के शेयर्स बेचे थे और DIIs ने ₹69,220 करोड़ के शेयर खरीदकर बाजार को बड़ा सहारा दिया था।
कैसा था कल का बाजार?
इससे पहले, पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार, 17 फरवरी को शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 173 अंक चढ़कर 83,450 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में करीब 42 अंकों की तेजी रही थी, और यह 25,725 के स्तर पर बंद हुआ था।





