
AI Generated Image
पब्लिक सेक्टर के बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने लोन के ब्याज दरों (Loan Rates) में बदलाव किया है। चुनिंदा टेन्योर के लिए मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड्स बेस्ड लेंडिंग रेट्स (MCLR) में कटौती की गई है। कुछ पर एमसीएलआर भी बढ़ाया गया है। नए लेंडिंग रेट्स 25 जुलाई 2026 से लागू हो चुके हैं। इसका असर वाहन, पर्सनल और अन्य ऋण पर पड़ेगा। बता दें कि एमसीएलआर वे दरें होती हैं, जिसके आधार पर बैंक लोन के लिए इंटरेस्ट रेट निर्धारित करते हैं।
बैंक ने ओवरनाइट एमसीएलआर में 20 आधार अंकों की कटौती की है। दरें 7.50% से घटकर 7.30% हो चुकी हैं। 6 महीने के टेन्योर के लिए दरों में 10 बीपीएस की बढ़ोत्तरी की है, दरें 8.80% से बढ़कर 8.90% हो चुकी हैं। वहीं बैंक ने एक साल के भी एमसीएलआर बढ़ा दिया है, दरें 8.95% से बढ़कर 9% चुकी हैं।
इन टेन्योर के लिए कोई बदलाव नहीं
एक महीने के लिए एमसीएलआर में कोई बदलाव नहीं किया है। एक दिन से अधिक और एक महीने तक के लिए दरें 8.30% हैं। वहीं 3 महीने के लिए एमसीएलआर 8.55% हैं। इसके अलावा रेपो रेट लिंक्ड रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वर्तमान में 8.05% पर बरकरार हैं।
FD के ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं
बैंक ने फिक्स्ड डिपॉजिट के ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। आखरी बार एफडी के इंटरेस्ट रेट में 18 जून को संशोधन किया गया था। वर्तमान में 3 करोड़ रुपये से कम के निवेश पर 7 दिन से लेकर 10 साल तक के टेन्योर पर 2.60% से लेकर 6.65% ब्याज ऑफर कर रहा है। वरिष्ठ नागरिकों को 0.50% अतिरिक्त ब्याज की सुविधा भी दे रहा है। 444 दिन के टेन्योर पर 6.65% ब्याज मिल रहा है। 1777 दिन के ग्रीन डिपॉजिट पर 6.05% रिटर्न मिल रहा है।

