
डोमेस्टिक ई-कॉमर्स प्लेटफार्म मीशो भारतीय शेयर बाजार में बड़ा धमाका करने जा रही है। कंपनी साल 2025 के आखिर तक आईपीओ पेश कर सकती है। कंपनी इस आईपीओ के जरिए लगभग 8300 करोड़ रुपए जुटाने का प्रयास करेगी। जल्द ही कंपनी इस आईपीओ के लिए सेबी के पास ड्राफ्ट डॉक्यूमेंट दायर कर सकती है। आईपीओ को लेकर यह जानकारी मनी कंट्रोल द्वारा शेयर की गई है।
रिपोर्ट की माने तो मीशो ने अपने आईपीओ के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल, मॉर्गन स्टेनली और सिटी को एडवाइजर बनाया है। वहीं, साल 2025 के सितंबर-अक्टूबर के महीने में स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टिंग होने की उम्मीद जताई जा रही है।
कहां से शुरू हुआ सफर?
डोमेस्टिक कंपनी मीशो की शुरुआत 2015 में हुई थी। दरअसल, विद्युत अत्रे और संजीव भरद्वाज ने अपना पहला स्टार्टअप किया, जिसका नाम फेस नियर रखा था, लेकिन यह स्टार्टअप फेल हो गया। इसके बाद दोनों ने ऑफलाइन रिटेलर्स के लिए मीशो की नींव रखी। लेकिन असल सफर मीशो का 2016 में शुरू हुआ, जब कंपनी को वाई कॉम्बिनेटर के समर प्रोग्राम के लिए चुना गया और एक करोड़ रुपए की फंडिंग मिली। इसके बाद मीशो ने 2017 में अपने सेलर्स को लॉजिस्टिक्स, पेमेंट और बिजनेस सेटअप करने के लिए कई तरह के टूल दिए। 2018 में कंपनी को 28 करोड़ रुपए की फंडिंग मिली, वहीं 2019 में मीशो ने फेसबुक के जरिए 200 करोड़ रुपए का इन्वेस्टमेंट हासिल कर लिया और ऐसा करने वाली देश की पहली स्टार्टअप बन गई। वहीं, 2020 में कंपनी ने वर्ल्ड की 50 मोस्ट इनोवेटिव कंपनी में जगह बना ली और कोरोना काल के समय कंपनी ने डिलीवरी के लिए मीशो मंडी को लॉन्च कर दिया। 2021 में कंपनी की वैल्यूएशन लगभग 1 अरब डॉलर पहुंच गई। 2022 के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी ने 10 करोड़ मासिक ऑर्डर के आंकड़े को पार किया।
भारत में मीशो, अमेजॉन और फ्लिपकार्ट की तरह ही पसंद किया जाने लगा
रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2023-24 में मीशो द्वारा 7615 करोड़ रुपए का रेवेन्यू जेनरेट कर लिया गया। वित्त वर्ष 2022-23 के मुकाबले यह रेवेन्यू 33% ज्यादा रहा। 2022-23 में कंपनी ने लगभग 5735 करोड़ का रेवेन्यू जेनरेट किया था। 2024 के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी के ऑर्डर में सालाना आधार पर लगभग 35% की बढ़ोतरी देखने को मिली। साल 2024 में इस ई-कॉमर्स प्लेटफार्म पर लगभग 17.5 करोड़ ग्राहकों द्वारा शॉपिंग की गई। कंपनी की खासियत यह है कि यह छोटे से छोटे शहर में भी अपनी डिलीवरी पहुंचाती है। अब भारत में मीशो, अमेजॉन और फ्लिपकार्ट की तरह ही पसंद किया जाने लगा है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

