
—Share market
आज 21 अक्टूबर को भारतीय शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग का विशेष सत्र आयोजित किया गया था। इस दौरान बड़ी मात्रा में निवेशकों ने ट्रेडिंग की और नए सत्र की शुरुआत की। आज के दिन सेंसेक्स और निफ्टी में शानदार तेजी के साथ कारोबार बंद हुआ, जिससे 23 अक्टूबर को होने वाले कारोबार के लिए निवेशक उत्सुक नजर आ रहे हैं। आज निवेशकों द्वारा नए वित्तीय वर्ष 2082 की शुरुआत सकारात्मक रूप से की गई है। सेंसेक्स में 62.97 अंकों की बढ़त देखने को मिली, जबकि निफ्टी 50 भी आज 25.45 अंकों की बढ़त के साथ बढ़त पर नजर आया।
दरअसल, आज सेंसेक्स 84426.34 के स्तर पर कारोबार बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 में आज कारोबार 25868.60 के स्तर पर बंद हुआ। आज का दिन निवेशकों के लिए शानदार रहा। भारतीय शेयर बाजार में कल दिवाली पड़वा के चलते बाजार बंद रहेगा।
इन शेयरों में रही तेजी
मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान सबसे ज्यादा तेजी बजाज फिनसर्व के शेयर में देखने को मिली। आज बजाज फिनसर्व का शेयर 1.11% की बढ़त लेकर 2163.15 पर बंद हुआ। इन्फोसिस भी आज हरे निशान में कारोबार करता दिखा। इंफोसिस का शेयर 0.72% की बढ़त के साथ 1472 के स्तर पर बंद हुआ। एक्सिस बैंक के शेयर में आज शानदार तेजी के चलते कारोबार 1234 के स्तर पर बंद हुआ। महिंद्रा एंड महिंद्रा में 0.60% की तेजी नजर आई और टाटा मोटर्स में 0.55% की बढ़त के साथ कारोबार 401.90 के स्तर पर बंद हुआ।
मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान एचडीएफसी बैंक में 0.40% की बढ़त के चलते कारोबार 1007.30 के स्तर पर हुआ, जबकि पावर ग्रिड में 0.38% की तेजी के साथ कारोबार 288.80 के स्तर पर बंद हुआ। इतना ही नहीं, अदानी पोर्ट्स, बैंक ऑफ इंडिया और टेक महिंद्रा में भी आज शानदार तेजी देखने को मिली।
इनमे रही सबसे ज्यादा गिरावट
वहीं, आज मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान कुछ शेयर गिरावट में भी रहे। रिलायंस इंडस्ट्री का शेयर 0.11% की गिरावट के साथ 2146.15 के स्तर पर बंद हुआ। आईटीसी के शेयर में भी आज 0.11% की ही गिरावट देखने को मिली। अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स, टीसीएस, मारुति सुजुकी, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय एयरटेल, कोटक महिंद्रा जैसे शेयरों में हल्की गिरावट रही। हालांकि आज का दिन भारतीय शेयर बाजार के लिए शानदार रहा और निवेशकों ने मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान नए कारोबार की शुरुआत की।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

