
आज यानी 18 जुलाई 2025 को भारतीय शेयर बाजार लाल निशान के साथ शुरू हुआ। बाजार में गिरावट के चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही लाल निशान में दिखाई दिए। सेंसेक्स आज 200 अंक गिर गया, जिसके चलते 82,050 के स्तर पर कारोबार शुरू हुआ, जबकि निफ्टी भी आज 50 अंक गिरकर 25,070 पर शुरू हुआ। आज सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 16 में गिरावट का लाल निशान नजर आ रहा है, हालांकि 14 शेयर बाजार को संभालते हुए तेजी दिखा रहे हैं।
वही अगर निफ्टी पर नजर डाली जाए तो आज निफ्टी 50 में से 22 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि 28 शेयर तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं। हालांकि अब भी बाजार में ज्यादातर शेयरों में गिरावट नजर आ रही है। एक्सिस बैंक का शेयर आज 4.50% तक टूट चुका है, जबकि एयरटेल और कोटक बैंक के शेयर भी 1% से ज्यादा गिर गए हैं। हालांकि आज एमएंडएम, एलएंडटी और टाटा स्टील के शेयर 1% से ज्यादा तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं।
कैसा चल रहा है एशियाई बाजारों में कारोबार?
दरअसल एशियाई बाजारों पर नजर डाली जाए तो जापान का निक्केई 0.31% की गिरावट के साथ 39,778 के स्तर पर कारोबार करता हुआ दिखाई दिया है, जबकि कोरिया का कॉस्पी आज 0.43% टूटकर 3,177 के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आया है। वहीं दूसरी ओर, आज फिर चीन के शंघाई कंपोजिट इंडेक्स में 0.34% की तेजी नजर आई है, जिसके चलते यह 3,502.8 के स्तर पर कारोबार करता हुआ दिखाई दिया है, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स आज फिर 0.60% फिसलकर 24,645 पर आ गया। वहीं, इससे पहले अमेरिका के डाउ जोंस में 17 जुलाई को 0.52% की तेजी दर्ज की गई, जिसके चलते यह 44,484 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि नैस्डैक कंपोजिट में 0.75% की तेजी के साथ कारोबार 20,086 के स्तर पर बंद हुआ।
गुरूवार के कामकाज पर डाले नजर
वहीं इससे पहले गुरुवार के कारोबार पर नजर डाली जाए तो हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन सेंसेक्स में 375 अंकों की गिरावट दिखाई दी, जिसके चलते यह 82,259 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी भी 101 अंकों की गिरावट के साथ 25,111 के स्तर पर बंद हुआ। बीते दिन भी सेंसेक्स के 30 में से 22 शेयर गिरावट में बंद हुए, जिनमें टेक महिंद्रा, इंफोसिस और एचसीएल टेक के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली। हालांकि अंत तक टाटा स्टील, ट्रेंट और टाटा मोटर्स के शेयरों में बढ़ोतरी नजर आई। वहीं निफ्टी 50 पर नजर डालें तो कारोबार के बंद होने के समय 50 में से 31 शेयर गिरावट में बंद हुए, जबकि 19 शेयर हरे निशान में नजर आए। निफ्टी में रियल एस्टेट, मेटल और फार्मा सेक्टर में बढ़त के साथ कारोबार बंद हुआ, जबकि आईटी इंडेक्स, मीडिया और बैंकिंग शेयरों में गिरावट देखने को मिली।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

