एक दिन पहले बाजार में आई भारी बिकवाली के बाद, हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार, 20 फरवरी को घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत सपाट रही। शुरुआती कारोबार में BSE सेंसेक्स 100 अंकों की गिरावट के साथ 82,400 के स्तर पर आ गया। वहीं, NSE निफ्टी भी लगभग फ्लैट रहते हुए 25,440 के आसपास ट्रेड कर रहा है।
आज के बाजार में सेक्टर आधारित प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। जहां एक तरफ आईटी सेक्टर के शेयरों में बिकवाली का दबाव है, वहीं दूसरी ओर सरकारी बैंकों के शेयरों में निवेशकों की दिलचस्पी बनी हुई है और इनमें खरीदारी हो रही है। बाजार की यह सुस्त चाल वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों और निवेशकों के सतर्क रुख को दर्शाती है।
गुरुवार को बाजार में आया था भूचाल
इससे पहले गुरुवार (19 फरवरी) को बाजार में निवेशकों को बड़ा नुकसान हुआ था। सेंसेक्स 1236 अंक (1.48%) की भारी गिरावट के साथ 82,498 के स्तर पर बंद हुआ था। इसी तरह निफ्टी में भी 365 अंकों (1.41%) की बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी और यह 25,454 पर बंद हुआ था। कल की गिरावट में ऑटो, रियल्टी और बैंकिंग शेयरों ने सबसे ज्यादा दबाव बनाया था।
वैश्विक बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों में आज मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है। जापान का निक्केई 1.30% गिरकर 56,730 पर है, तो वहीं दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.62% की बढ़त के साथ 5,769 पर कारोबार कर रहा है। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 0.61% नीचे है जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट 1.26% की तेजी दिखा रहा है।
वहीं, अमेरिकी बाजारों में 19 फरवरी को गिरावट दर्ज की गई थी। डाउ जोन्स 267 अंक (0.54%) गिरकर 49,395 पर, नैस्डैक 0.31% गिरकर 22,682 पर और S&P 500 इंडेक्स 0.28% की गिरावट के साथ 6,861 पर बंद हुआ था।
निवेशकों का क्या है रुझान?
विदेशी और घरेलू निवेशकों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 19 फरवरी को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 880 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने भी 596 करोड़ रुपए की बिकवाली की।
हालांकि, पूरे फरवरी महीने की बात करें तो FIIs ने अब तक 1,076 करोड़ रुपए के शेयर बेचे हैं, जबकि इस दौरान DIIs ने 11,474 करोड़ रुपए की भारी खरीदारी कर बाजार को सहारा दिया है। इससे पहले जनवरी महीने में FIIs ने 41,435 करोड़ रुपए की बिकवाली की थी, जिसके जवाब में DIIs ने 69,220 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे थे।
IPO बाजार में नई दस्तक
प्राइमरी मार्केट में भी हलचल तेज होने वाली है। रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी क्लीनमैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस का इनिशियल पब्लिक ऑफर (IPO) 23 फरवरी को खुलने जा रहा है। निवेशक इस इश्यू में 25 फरवरी तक बोली लगा सकेंगे। कंपनी इस IPO के जरिए 3,100 करोड़ रुपए जुटाने की योजना बना रही है, जिसमें फ्रेश शेयर और ऑफर फॉर सेल (OFS) दोनों शामिल होंगे।






