शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 450 अंक टूटा, बजट से पहले निफ्टी 25,250 के नीचे फिसला

बजट से पहले आखिरी कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत बड़ी गिरावट के साथ हुई। वैश्विक बाजारों के कमजोर संकेतों और कमोडिटी मार्केट में आई तेजी के दबाव में सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं।
शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 450 अंक टूटा, बजट से पहले निफ्टी 25,250 के नीचे फिसला

आम बजट से पहले आखिरी कारोबारी सत्र में घरेलू शेयर बाजार में तेज गिरावट देखने को मिली। तीन दिनों की लगातार तेजी पर ब्रेक लगाते हुए बाजार की शुरुआत भारी बिकवाली के साथ हुई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 450 अंक से ज्यादा टूटकर 82,109 के स्तर पर आ गया, वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 160 अंक फिसलकर 25,250 के आसपास कारोबार कर रहा था।

बाजार में चौतरफा बिकवाली का दबाव दिखा। बैंक निफ्टी में भी 228 अंकों की गिरावट दर्ज की गई और यह 59,675 के करीब था। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी भारी बिकवाली हावी रही, खासकर मेटल शेयरों में निवेशकों ने जमकर मुनाफावसूली की।

वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेत

अमेरिकी बाजारों में भारी उतार-चढ़ाव के बाद कमजोर क्लोजिंग ने बाजार का सेंटिमेंट खराब किया। डॉउ जोन्स लगभग 700 अंकों के दायरे में कारोबार करने के बाद महज 55 अंकों की मामूली बढ़त पर बंद हुआ। वहीं, छह दिनों की तेजी के बाद नैस्डैक में 170 अंकों की गिरावट आई। एशियाई बाजारों से भी नरमी के संकेत मिले। GIFT निफ्टी करीब 140 अंक नीचे 25,400 पर कारोबार कर रहा था, जिसने घरेलू बाजार पर दबाव बनाया।

कमोडिटी बाजार में भूचाल, कच्चे तेल ने बढ़ाई चिंता

कमोडिटी बाजार में जबरदस्त हलचल देखी गई। ईरान पर अमेरिकी हमले की आशंका के चलते कच्चा तेल 3% उछलकर 70 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया, जो चार महीने का उच्चतम स्तर है। भारत जैसे आयातक देश के लिए कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें महंगाई का जोखिम बढ़ा सकती हैं।

दूसरी तरफ, सोना-चांदी ने नए रिकॉर्ड बनाए। चांदी ने 4.20 लाख रुपये और सोने ने 1.93 लाख रुपये के पार का ऑल-टाइम हाई स्तर छुआ। LME पर कॉपर में भी 16 साल की सबसे बड़ी इंट्राडे तेजी आई, जिससे मेटल शेयरों पर दबाव और बढ़ गया।

FII की बिकवाली जारी, DII बने सहारा

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की बिकवाली का सिलसिला जारी है। FIIs ने कैश मार्केट में नेट-नेट करीब 7,868 करोड़ रुपये की बड़ी बिकवाली की। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने बाजार को सहारा दिया। DIIs ने लगातार 106वें दिन खरीदारी करते हुए करीब 2,600 करोड़ रुपये का निवेश किया, जिससे बाजार को बड़ी गिरावट से कुछ हद तक राहत मिली।

इन नतीजों और स्टॉक्स पर रहेगी नजर

आज बाजार की नजर कई बड़ी कंपनियों के नतीजों पर रहेगी। निफ्टी की कंपनियों में बजाज ऑटो, नेस्ले, NTPC और पावर ग्रिड के नतीजे आने हैं। इसके अलावा, F&O सेगमेंट में अंबुजा सीमेंट्स, बैंक ऑफ बड़ौदा और SAIL समेत 9 कंपनियां अपने तिमाही नतीजे पेश करेंगी।

डिफेंस सेक्टर में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स (HAL) के शेयर में हलचल दिख सकती है। कंपनी को पवन हंस से 10 ध्रुव NG हेलिकॉप्टर की सप्लाई के लिए करीब 1,800 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर मिला है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews