CBSE का अहम नोटिस, मध्य पूर्व क्षेत्र में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा स्थगित, नया शेड्यूल जल्द 

सीबीएसई ने जंग के बीच मध्य पूर्व क्षेत्र के देशों में दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा स्थगित कर दी है। नई तारीख अब तक घोषित नहीं हुई है। इससे संबंधित नोटिस बोर्ड ने जारी किया है। 
CBSE Board Exam 2026

मध्य पूर्व क्षेत्र के देशों में युद्ध के माहौल को देखते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बड़ा कदम उठाया है। बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर सऊदी अरब और UAE में दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा (CBSE Board Exam 2026) स्थगित कर दी गयी है। इससे संबंधित सर्कुलर सीबीएसई ने आधिकारिक वेबसाइट http://www.cbse.gov.in पर जारी किया है।

आधिकारिक नोटिस के मुताबिक 2 मार्च को होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा स्थगित कर दी गई है। 3 मार्च को सीबीएसई स्थिति की समीक्षा करेगा। इसके बाद ही 5 मार्च या इसके बाद होने वाली परीक्षाओं को लेकर कोई फैसला लिया जाएगा।

अब तक नई तारीख घोषित नहीं हुई है। सभी छात्रों को स्कूलों से संपर्क में रहने की सलाह दी गई है। हालांकि बोर्ड के इस फैसले का असर भारतीय छात्रों पर नहीं पड़ेगा। शेड्यूल के मुताबिक सभी पेपर्स जारी रहेंगे।

फर्जी नोटिस पर सीबीएसई का स्पष्टीकरण 

बता दें कि कुछ देर पहले ही सीबीएसई ने मिडल ईस्ट में बोर्ड परीक्षा स्थगित होने की फर्जी नोटिस को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया था। इसमें लैंग्वेज पेपर्स के रद्द होने की बात कही गई थी। इसके अलावा 7 मार्च को होने वाली दसवीं सोशल साइंस परीक्षा कैंसिल होने का दावा भी किया गया था। प्रैक्टिकल एग्जाम, प्री-बोर्ड और इंटरनल असेस्मेंट के आधार पर स्कोर देने और इन विषयों में छात्रों को फेल न करने जैसे दावे भी किए गए थे। जबकि ऐसा कोई भी कदम बोर्ड ने नहीं उठाया है।

सीबीएसई बोर्ड परीक्षा का शेड्यूल 

सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकन्डेरी एजुकेशन द्वारा जारी डेटशीट के मुताबिक कक्षा 10वीं की फेज-1 परीक्षाएं 11 मार्च तक जारी रहेगी। वहीं कक्षा 12वीं की परीक्षा 10 अप्रैल तक चलेगी। एग्जाम 17 फरवरी से शुरू हुए थे। इस साल 45 लाख से अधिक विद्यार्थी इसमें शामिल होंगे। सीबीएसई ने कक्षा 10वीं फेज-2 परीक्षा का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। एग्जाम 15 मई से 1 जून 2026 तक जारी रहेंगे। इस साल दसवीं कॉपियों की ऑन-स्क्रीन मार्किंग होगी। हाल ही में शिक्षकों और स्कूलों के लिए जरूरी गाइडलाइंस जारी की गई थी। बारहवीं बोर्ड परीक्षा के लिए यह बदलाव लागू नहीं होगा।

Manisha Kumari Pandey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता जनकल्याण का माध्यम है। एक पत्रकार का काम नई जानकारी को उजागर करना और उस जानकारी को एक संदर्भ में रखना है। ताकि उस जानकारी का इस्तेमाल मानव की स्थिति को सुधारने में हो सकें। देश और दुनिया धीरे–धीरे बदल रही है। आधुनिक जनसंपर्क का विस्तार भी हो रहा है। लेकिन एक पत्रकार का किरदार वैसा ही जैसे आजादी के पहले था। समाज के मुद्दों को समाज तक पहुंचाना। स्वयं के लाभ को न देख सेवा को प्राथमिकता देना यही पत्रकारिता है। अच्छी पत्रकारिता बेहतर दुनिया बनाने की क्षमता रखती है। इसलिए भारतीय संविधान में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ बताया गया है। हेनरी ल्यूस ने कहा है, " प्रकाशन एक व्यवसाय है, लेकिन पत्रकारिता कभी व्यवसाय नहीं थी और आज भी नहीं है और न ही यह कोई पेशा है।" पत्रकारिता समाजसेवा है और मुझे गर्व है कि "मैं एक पत्रकार हूं।" View all posts by Manisha Kumari Pandey →
Follow Us :GoogleNews