मध्य प्रदेश स्टेट कम्बाइन्ड नीट यूजी काउंसलिंग (MP NEET UG Counselling) के मॉप अप या अंतिम चरण का शेड्यूल डीएमई ने 21 सितंबर को जारी कर दिया है। जिसके मुताबिक फ्रेश रजिस्ट्रेशन 28 सितंबर से शुरू होंगे। उम्मीदवार 2 अक्टूबर 2026 रात 12:00 बजे से पहले आवेदन कर सकते हैं। जिन उम्मीदवारों ने पहले ही पंजीकरण किया है, उन्हें दोबारा पंजीकरण करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
शेड्यूल के मुताबिक एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए मेरिट लिस्ट 3 अक्टूबर को जारी की जाएगी। इस दिन वैकेंसी की घोषणा भी होगी। मॉप अप राउंड में शामिल उम्मीदवारों के लिए चॉइस फिलिंग पोर्टल 4 अक्टूबर से लेकर 7 अक्टूबर तक एक्टिव रहेगा। इस दौरान उम्मीदवार कॉलेज और पाठ्यक्रमों की चॉइस लॉक कर सकते हैं।
इस दिन आएगा रिजल्ट
एमपी नीट यूजी काउंसलिंग मॉप अप राउंड के लिए अलॉटमेंट रिजल्ट 10 अक्टूबर को घोषित किया जाएगा। उम्मीदवारों को 11 अक्टूबर से लेकर 14 अक्टूबर शाम 6:00 बजे तक दस्तावेज सत्यापन और एडमिशन के लिए आवंटित मेडिकल या डेंटल कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा। बता दें कि राउंड 2 के लिए आवेदन प्रक्रिया 5 से लेकर 6 सितंबर तक जारी थी। वर्चुअल और फिजिकल वैकेंसी और मेरिट लिस्ट की घोषणा 7 सितंबर को की गई थी। परिणाम 11 सितंबर को घोषित हुए थे। कॉलेज में रिपोर्टिंग की तारीख 12 से लेकर 18 सितंबर 2026 थी।
राउंड-2 पर भी बड़ी अपडेट
एमपी नीट यूजी काउंसलिंग के दूसरे चरण को भी लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। 21 सितंबर को जारी नोटिस के मुताबिक राउंड में जिन भी छात्रों को सीट आवंटित किया गया है, उनके लिए Resignation विंडो भी एक बार फिर खोलने का फैसला लिया गया है। उम्मीदवार 22 सितंबर से लेकर 1 अक्टूबर शाम 6:00 बजे तक अपनी सीट छोड़ सकते हैं। जिन छात्रों ने एडमिशन ले लिया है, उन्हें सीट छोड़ने के लिए आवंटित कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा। नियमों के तहत नॉन एनआरआई के लिए पेनल्टी 2 लाख रुपये और एनआरआई के लिए 10 लाख रुपये होगी। ऐसे उम्मीदवार काउंसलिंग के दूसरे चरण में भाग नहीं ले सकते।






