मध्य प्रदेश स्टेट कम्बाइन्ड नीट यूजी काउंसलिंग (MP NEET UG Counselling) राउंड 2 के लिए शेड्यूल जारी हो चुका है। 5 सितंबर से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार उम्मीदवार 6 सितंबर रात 12:00 बजे से पहले आवेदन कर सकते हैं। इस दौरान पहले चरण में पंजीकरण करने वाले उम्मीदवारों को एडिट की सुविधा भी मिलेगी। फिजिकल और वर्चुअल वैकेंसी 7 सितंबर को जारी की जाएगी।
दूसरे चरण के लिए पात्र उम्मीदवारों और संशोधित मेरिट लिस्ट भी 7 सितंबर को जारी होगी। अपडेट के लिए नियमित तौर पर आधिकारिक वेबसाइट http://dme.mponline.gov.in विजिट करने की सलाह दी जाती है। शेड्यूल के मुताबिक 7 सितंबर से लेकर 9 सितंबर तक उम्मीदवार काउंसलिंग के दूसरे चरण के लिए चॉइस फिलिंग और चॉइस लॉकिंग कर सकते हैं। उन उम्मीदवारों के लिए भी यह प्रक्रिया अनिवार्य होगी, जिन्होंने पहले चरण में सीट अपग्रेडेशन के विकल्प को चुना है। सीट आवंटन परिणाम 11 सितंबर को घोषित होंगे।
18 सितंबर तक कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा
उम्मीदवारों को आवंटित मेडिकल और डेंटल कॉलेज में दस्तावेज सत्यापन और एडमिशन के लिए 12 से लेकर 18 सितंबर शाम 6:00 बजे तक रिपोर्ट करना होगा। दूसरे चरण के लिए अपग्रेडेशन की सुविधा भी 18 सितंबर रात 12:00 बजे तक उपलब्ध रहेगी। 18 सितंबर शाम 5:00 बजे तक उम्मीदवारों को कॉलेज स्तर पर एडमिशन रद्द करने का मौका मिलेगा। सभी उम्मीदवारों के लिए अपग्रेडेशन के विकल्प में “हां” या “ना” का विकल्प चुनना अनिवार्य होगा। जिन उम्मीदवारों ने राउंड-2 में अपग्रेडेशन का विकल्प चुना है, लेकिन अपने चॉइस को लॉक नहीं किया है राउंड-1 में आवंटित कॉलेज में उनका एडमिशन बरकरार रहेगा। लेकिन वे मॉपअप राउंड के लिए अपग्रेडेशन का विकल्प नहीं चुन पाएंगे।
एमपी के दो कॉलेजों में सीटों की संख्या बढ़ी
नेशनल मेडिकल कमिशन नई दिल्ली में मध्य प्रदेश के दो कॉलेज में से सीटों की संख्या में वृद्धि की है। आरकेडीएफ मेडिकल कॉलेज भोपाल में दूसरे चरण के लिए सीट की संख्या 150 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है। सुख सागर मेडिकल कॉलेज जबलपुर में सीट की संख्या 200 से बढ़कर 250 कर दी गई है।






