मंदिर के बाहर नारियल बेचने वाले की बेटी बनी डिप्टी कलेक्टर, किस्मत नहीं मेहनत से मिली सफलता

सतना की इस बेटी ने किस्मत नहीं, मेहनत पर भरोसा किया। प्रिया अग्रवाल ने MPPSC परीक्षा 2023 में छठवां स्थान प्राप्त कर डिप्टी कलेक्टर बनीं। मंदिर के बाहर नारियल बेचने वाले पिता की मेहनत रंग लाई।
मंदिर के बाहर नारियल बेचने वाले की बेटी बनी डिप्टी कलेक्टर, किस्मत नहीं मेहनत से मिली सफलता

मंदिर के बाहर नारियल बेचने वाले पिता की बेटी जब डिप्टी कलेक्टर बनती है, तो यह सिर्फ एक परीक्षा की सफलता नहीं होती, बल्कि हिम्मत, लगन और उम्मीद की मिसाल बन जाती है। सतना जिले की प्रिया अग्रवाल ने ये साबित कर दिया कि परिस्थितियाँ चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, अगर इरादा मजबूत हो तो कोई मंज़िल दूर नहीं।

MPPSC 2023 के परिणाम में प्रिया ने प्रदेश में छठा स्थान हासिल किया। खास बात यह है कि उन्होंने महिलाओं की श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे सतना जिले का नाम रोशन किया। आज जहां उनके पिता मंदिर के बाहर नारियल बेचते हैं, वहीं उनकी बेटी लोगों के जीवन में सुधार लाने वाले फैसले लेने जा रही है।

सतना की बेटी ने रचा इतिहास

MPPSC के घोषित परिणाम में सतना की रहने वाली प्रिया अग्रवाल ने छठी रैंक हासिल की। यह रैंक सिर्फ एक नंबर नहीं, बल्कि उन तमाम बेटियों के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों में भी बड़े सपने देखने की हिम्मत रखती हैं। प्रिया के पिता मंदिर के बाहर नारियल बेचते हैं, जबकि प्रिया वर्तमान में रीवा जिले में लेबर ऑफिसर के रूप में कार्यरत थीं। जब परिणाम घोषित हुआ और उन्हें पता चला कि वह अब डिप्टी कलेक्टर बन गई हैं, तो उनके घर में जैसे दीपावली से भी बड़ी खुशी छा गई। मोहल्लेभर के लोग बधाई देने पहुंचे और प्रिया का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों से स्वागत किया गया।

मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से लिखी सफलता की कहानी

प्रिया अग्रवाल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि उनके पिता की कड़ी मेहनत और माँ की प्रेरणा ने उन्हें कभी हार मानने नहीं दी। वह बताती हैं, पापा हमेशा कहते थे कि बेटियाँ घर की इज़्जत नहीं, गर्व बनती हैं। बस वही बात दिल में बैठ गई। उनका कहना है कि पीएससी जैसी कठिन परीक्षा में सफलता पाने के लिए सबसे जरूरी है निरंतरता और सही दिशा में मेहनत। उन्होंने बताया कि तैयारी के दौरान कई बार थकान और निराशा भी आई, लेकिन उन्होंने खुद को कभी टूटने नहीं दिया। हर असफलता को उन्होंने एक सीख के रूप में लिया।

तैयारी का तरीका

प्रिया ने उन छात्रों के लिए भी संदेश दिया जो MPPSC या अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर उम्मीदवार को अपनी तैयारी को टू द पॉइंट रखना चाहिए। बहुत ज्यादा किताबें पढ़ने के बजाय, सटीक नोट्स बनाएं और बार-बार रिवीजन करें। उन्होंने कहा, मैंने सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रखी और हर दिन का एक फिक्स टाइम-टेबल बनाया। रोज़ाना अखबार पढ़ना और करंट अफेयर्स पर पकड़ बनाना मेरे लिए काफी फायदेमंद रहा।

एमपीपीएससी परीक्षा 2023 में इन नामों ने मारी बाजी

मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की 2023 परीक्षा का परिणाम प्रदेशभर के युवाओं के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है। इसमें पन्ना के अजीत मिश्रा ने टॉप किया, जबकि सतना की प्रिया अग्रवाल ने छठा स्थान प्राप्त किया। परीक्षा परिणामों ने एक बार फिर यह साबित किया कि मध्य प्रदेश की युवा पीढ़ी मेहनत और ईमानदारी से नई ऊंचाइयों को छू रही है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews