UP और बिहार के कई केंद्रों पर SSC GD परीक्षा रद्द, नया शेड्यूल जल्द, कांग्रेस ने साधा केंद्र सरकार पर निशाना

यूपी और बिहार के कई केंद्रों पर एसएससी जीडी परीक्षा रद्द कर दी गई है। आयोग ने संबंधित नोटिस जारी किया है। अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर सवाल उठाए हैं। 
ssc gd exam 2026

एसएससी जीडी कांस्टेबल (SSC GD Exam 2026) पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा 27 अप्रैल से ही शुरू हो चुकी है। इसका आयोजन 31 मई तक चार अलग-अलग फेज में होने वाला है।  लेकिन इसी बीच 25 और 26 मई को उत्तर प्रदेश और बिहार में स्थित विभिन्न केंद्रों पर आयोजित परीक्षा रद्द कर दी गई है। इसे लेकर उम्मीदवारों में नाराजगी देखी जा रही है।

कर्मचारी चयन आयोग द्वारा नोटिस के मुताबिक 25 मई को आयोजित जिन परीक्षाओं को रद्द किया गया था, उन्हें 27 मई के बाद पुनर्निर्धारित किया जाएगा। हालांकि अब तक 26 मई को रद्द परीक्षाओं की तारीख घोषित नहीं की गई है। नया शेड्यूल जल्द ही जारी हो सकता है।

एसएससी ने कहा, “प्रभावित सभी उम्मीदवारों के लिए एडमिट कार्ड एसएससी हेड क्वार्टर की वेबसाइट https://ssc.gov.in/ पर सही समय पर उपलब्ध होंगे। उम्मीदवारों को अपना नया एडमिट कार्ड डाउनलोड करने और संशोधित कार्यक्रम के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट विजिट करते रहने की सलाह दी जाती है।

इन केंद्रों पर रद्द हुई परीक्षा 

  • 26 में को उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में स्थित आई-टेक जॉन (सुनीता सिंह सीता सिंह महिला महाविद्यालय, जैन मंदिर झुंसी, थाना सराई- इनायत, प्रयागराज उत्तर प्रदेश 221505) पर आयोजित शिफ्ट 1, 2 और 3 परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया है। वहीं इसी परीक्षा केंद्र पर आयोजित 25 मई की दूसरी और तीसरी शिफ्ट की परीक्षा भी रद्द की गई है।
  • कानपुर के श्रीमती रामकली इकबाल बहादुर ऑनलाइन सेंटर (NH-19 , पूर्वमीर, जीटी रोड सरसौल कानपुर नगर कानपुर उत्तर प्रदेश 209402) पर 25 मई को दूसरी और तीसरी शिफ्ट में आयोजित परीक्षा भी रद्द की गई है।
  • लखनऊ में स्थित सिटी मॉडर्न अकादेमी (कृष्णा नगर कानपुर रोड, आसाराम बापू आश्रम लखनऊ 226023) पर 25 मई को आयोजित दूसरी और तीसरी शिफ्ट की परीक्षा कैंसिल की गई है।
  • गोरखपुर में स्थित महर्षि आईटी इंस्टीट्यूट ऑनलाइन एग्जामिनेशन सेंटर (शिवपूजन कैंपस, मोहनापुर, पादरी बाजार गोरखपुर उत्तर प्रदेश 273014) पर 25 मई को आयोजित दूसरी शिफ्ट की परीक्षा रद्द की गई है।
  • बिहार के मुजफ्फरपुर में स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र (बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड रीजनल ऑफिस, बीबी कॉलेजिएट कैंपस, मोतीझील मुजफ्फरपुर बिहार 842001) पर आयोजित 25 मई की दूसरी और तीसरी शिफ्ट की परीक्षा रद्द की गई है।

एसएससी का नोटिफिकेशन यहाँ देखें

कांग्रेस ने उठाए केंद्र सरकार पर सवाल, जानें क्या कहा? 

नीट यूजी और सीबीएसई 12वीं पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद अब एसएससी जीडी परीक्षा पर भी सियासत शुरू हो चुकी है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है और एक भी परीक्षा ठीक से आयोजित न करने के आरोप लगाए हैं। पार्टी ने सोशल मीडिया X पर कहा, “पहले NEET में छात्रों का भविष्य तबाह किया गया और अब SSC GD में धांधली की खबरें आ रही हैं। अभ्यर्थी दिन-रात पढ़ाई करते हैं, मां-बाप पेट काटकर फीस का भुगतान करते हैं। परीक्षा में आने-जाने का खर्च करते हैं। और आखिर में पेपर लीक हो जाता है।” आगे कांग्रेस ने कहा, “ये पाप है, जिसकी कोई माफी नहीं है। मोदी सरकार पेपर लीक की साझेदार है।”

Manisha Kumari Pandey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता जनकल्याण का माध्यम है। एक पत्रकार का काम नई जानकारी को उजागर करना और उस जानकारी को एक संदर्भ में रखना है। ताकि उस जानकारी का इस्तेमाल मानव की स्थिति को सुधारने में हो सकें। देश और दुनिया धीरे–धीरे बदल रही है। आधुनिक जनसंपर्क का विस्तार भी हो रहा है। लेकिन एक पत्रकार का किरदार वैसा ही जैसे आजादी के पहले था। समाज के मुद्दों को समाज तक पहुंचाना। स्वयं के लाभ को न देख सेवा को प्राथमिकता देना यही पत्रकारिता है। अच्छी पत्रकारिता बेहतर दुनिया बनाने की क्षमता रखती है। इसलिए भारतीय संविधान में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ बताया गया है। हेनरी ल्यूस ने कहा है, " प्रकाशन एक व्यवसाय है, लेकिन पत्रकारिता कभी व्यवसाय नहीं थी और आज भी नहीं है और न ही यह कोई पेशा है।" पत्रकारिता समाजसेवा है और मुझे गर्व है कि "मैं एक पत्रकार हूं।" View all posts by Manisha Kumari Pandey →
Follow Us :GoogleNews