नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने 1 सितंबर को यूजीसी नेट री-एग्जाम (UGC NET 2026) के लिए शहर सूचना पर्ची जारी कर दी है, जिसे उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट https://ugcnet.nta.nic.in/ पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए लॉग इन क्रेडेंशियल जैसे कि एप्लिकेशन नंबर और पासवर्ड की जरूरत पड़ेगी।
तीन विषयों की परीक्षा 9 और 10 सितंबर को आयोजित होने वाली है। टाइम टेबल एनटीए ने पहले ही जारी कर दिया है। शहर सूचना पर्ची बेहद ही महत्वपूर्ण दस्तावेज है। हालांकि यह एडमिट कार्ड नहीं है। इसमें उम्मीदवार का नाम, फोटोग्राफ, हस्ताक्षर समेत आवंटित शहर की जानकारी होती है, जहां परीक्षा केंद्र आवंटित किए जाएंगे। ताकि उम्मीदवार पहले से यात्रा और आवास की व्यवस्था सुनिश्चित कर सकें। प्रवेश पत्र जल्द ही जारी होगा।
ऐसे करें डाउनलोड
- सबसे पहले यूजीसी नेट नेट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- होमपेज पर नीचे दिए गए कैंडीडेट एक्टिविटी के सेक्शन में जाकर एडवांस सिटी इंटीमेशन स्लिप के लिंक पर क्लिक करें।
- नया पेज खुलेगा। यहाँ एप्लिकेशन नंबर और पासवर्ड दर्ज करके लॉग इन करें।
- स्क्रीन पर शहर सूचना पर्ची नजर आएगी। इसे अच्छे से चेक और डाउनलोड कर लें।
- भविष्य के संदर्भ में उम्मीदवार इसका प्रिंट आउट निकाल कर भी रख सकते हैं।
विषयवार परीक्षा की तारीख और समय जानें
एनटीए ने 87 विषयों के लिए परीक्षा 21 से लेकर 30 जून तक आयोजित की थी। लेकिन इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी का पेपर रद्द कर दिया गया है। जिसके बाद पुनर्परीक्षा की घोषणा की गई है।
9 सितंबर को पहली शिफ्ट में सुबह 9:00 से लेकर दोपहर 12:00 बजे तक इंग्लिश का पेपर आयोजित किया जाएगा। वहीं दूसरी शिफ्ट में दोपहर 3:00 बजे से लेकर शाम 6:00 बजे तक कॉमर्स का पेपर होगा। सोशियोलॉजी का पेपर 10 सितंबर सुबह 9:00 बजे से लेकर दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। 84 विषयों के लिए स्कोर कार्ड उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं।
परीक्षा पैटर्न जानें
री-एग्जाम के लिए सिलेबस और पैटर्न में कोई बदलाव नहीं किया गया है। प्रत्येक विषय में दो पेपर शामिल होंगे। परीक्षा की अवधि 3 घंटे होगी। दोनों पेपर के बीच कोई ब्रेक नहीं दिया जाएगा। वहीं परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट मोड में आयोजित की जाएगी। कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। पेपर-1 (जनरल) में प्रश्नों की संख्या 50 होगी, जो कुल 100 अंक का होगा। पेपर-2 डोमेन सब्जेक्ट से संबंधित होगा, इसमें 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। कुल अंक 200 होंगे।






