इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र से विश्वासघात और चोरी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक बुजुर्ग दंपति के घर पर केयरटेकर के तौर पर काम करने वाली महिला ने ही घर की नकदी, चांदी के जेवर और मकान के मूल दस्तावेज चोरी कर कर फरार हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार, पीड़ित कैलाश चंद्र अपनी बीमार पत्नी को इलाज के लिए जुपिटर अस्पताल लेकर गए थे। इसी दौरान केयरटेकर दीपिका ने मौका पाकर अलमारी में रखे नकद 3500 रुपये, चांदी के जेवर और मकान के दस्तावेज लेकर फरार हो गई।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, द्वारकापुरी क्षेत्र के निवासी कैलाश चंद्र ने अपनी बीमार पत्नी की देखभाल के लिए एक भरोसेमंद महिला को केयरटेकर के रूप में रखा था। पत्नी की तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर कैलाश चंद्र उन्हें भर्ती कराने अस्पताल ले गए और घर की रखवाली की जिम्मेदारी केयरटेकर को सौंप दी। सूने मकान को देख केयरटेकर ने मौके का फायदा उठाया। दूसरी ओर पीड़ित की पत्नी जो अस्पताल में भर्ती थी उसकी मौत हो गई है। इसी बीच, घर में अकेली मौजूद केयरटेकर दीपिका अलमारी में रखे 3500 नकद, चांदी के आभूषण और मकान की रजिस्ट्री के दस्तावेज समेटकर फरार हो गई।
चोरी के बाद मकान दस्तावेज बेचने की कोशिश
पत्नी के निधन के दुख में डूबे फरियादी को चोरी का पता उस वक्त चला, जब उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि उनके मकान के दस्तावेज किसी व्यक्ति को बेचने के लिए दिए गए हैं। इसके बाद जब दस्तावेज लेने वाले व्यक्ति ने फरियादी से संपर्क किया तो पूरी साजिश का खुलासा हुआ। द्वारकापुरी थाना पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट





