शादीशुदा प्रेमिका को पाने के लिए प्रेमी ने किया 2 मासूम बेटों का अपहरण, कुएं में मिले शव, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस 

छतरपुर में शुक्रवार से लापता दोनों सगे भाइयों का शव पुलिस ने एक कुएं से बरामद किए हैं। शवों पोस्टमार्टम के भेजा गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। आगे की जांच में कई खुलासे हो सकते हैं। 
chhatarpur double murder case

छतरपुर जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अपनी शादीशुदा प्रेमिका को पाने की अंधी सनक में एक प्रेमी ने उसके दो मासूम बेटों का अपहरण कर उन्हें जिंदा कुएं में फेंक दिया। शुक्रवार दोपहर से लापता दोनों सगे भाइयों के शव पहाड़तरे के पुरवा स्थित एक कुएं से बरामद किए गए हैं। इस दोहरे हत्याकांड के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल है। जिसे देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश भी शुरु कर दी है।

स्कूल से घर लौटते वक्त हुए थे लापता

जानकारी के मुताबिक, लवकुशनगर के वार्ड नंबर-2, सिद्दन मोहल्ला निवासी निरपत यादव के दो बेटे—सचिन यादव (11) और प्रेम यादव (9), जो स्थानीय क्लाइमेक्स इंग्लिश स्कूल के छात्र थे, शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे अचानक लापता हो गए थे। जब बच्चे काफी देर तक घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। सुराग न मिलने पर बच्चों की मां संगीता यादव ने लवकुशनगर थाने में अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था।

सर्च ऑपरेशन के दौरान कुएं से मिले शव

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमें गठित कर सीसीटीवी फुटेज और संभावित रास्तों पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जांच और सुरागों के आधार पर पुलिस जब पहाड़तरे के पुरवा के पास स्थित कुएं तक पहुंची, तो वहां दोनों बच्चों के शव उतराते मिले। पुलिस बल ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला और पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

प्रेमिका को पाने की सनक में वारदात को अंजाम

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बालकेश सिंह महिला का प्रेमी है और वह महिला को अपने साथ रखने की जिद पर अड़ा था। इसी सनक के चलते उसने रास्ते का कांटा मानकर दोनों मासूमों का बाइक से अपहरण किया और उन्हें कुएं में फेंककर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।

क्षेत्र में तनाव, पुलिस बल तैनात 

दो मासूम बच्चों की नृशंस हत्या की खबर फैलते ही पूरे कस्बे व यादव समाज में गहरा रोष फैल गया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

जानें पूरा मामला 

रजत सकलेचा, एसपी छतरपुर का कहना है कि लवकुशनगर थाना क्षेत्र में महिला द्वारा बताया गया था कि उसके दोनों बच्चे छुट्टी के बाद घर नहीं है जिस पर थाना पुलिस द्वारा अपहरण का मामला दर्ज तलाश शुरू की गई। इसके बाद जानकारी लगी कि बालकेश सिंह नामक व्यक्ति उन बच्चों को लेकर गया है। पिछले दो दिनों से पांच थानों की अलग-अलग टीमें तलाश में लगी थीं। आज सर्चिंग के दौरान जानकारी लगी कि जुझारनगर थाना क्षेत्र के एक कुएं में दोनों बच्चों के शव मिले हैं। बालकेश सिंह पूर्व से इनका पारिवारिक मित्र था और घर पर आना-जाना था इसलिए बच्चे उसके साथ चले गए। इसके बाद किन परिस्थितियों में बच्चों की मृत्यु की गई यह अभी जांच का विषय है। आरोपी युवक को पकडऩे का प्रयास किया जा रहा है।

Manisha Kumari Pandey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता जनकल्याण का माध्यम है। एक पत्रकार का काम नई जानकारी को उजागर करना और उस जानकारी को एक संदर्भ में रखना है। ताकि उस जानकारी का इस्तेमाल मानव की स्थिति को सुधारने में हो सकें। देश और दुनिया धीरे–धीरे बदल रही है। आधुनिक जनसंपर्क का विस्तार भी हो रहा है। लेकिन एक पत्रकार का किरदार वैसा ही जैसे आजादी के पहले था। समाज के मुद्दों को समाज तक पहुंचाना। स्वयं के लाभ को न देख सेवा को प्राथमिकता देना यही पत्रकारिता है। अच्छी पत्रकारिता बेहतर दुनिया बनाने की क्षमता रखती है। इसलिए भारतीय संविधान में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ बताया गया है। हेनरी ल्यूस ने कहा है, " प्रकाशन एक व्यवसाय है, लेकिन पत्रकारिता कभी व्यवसाय नहीं थी और आज भी नहीं है और न ही यह कोई पेशा है।" पत्रकारिता समाजसेवा है और मुझे गर्व है कि "मैं एक पत्रकार हूं।" View all posts by Manisha Kumari Pandey →
Follow Us :GoogleNews