राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद पर कांग्रेस नेता भूपेश बघेल का बड़ा बयान, बोले- मैंने भी दिया था 1.21 लाख रुपये का दान

राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद पर सियासी बयानजाबी जारी है। कांग्रेस ने भूपेश बघेल ने कहा कि मैंने भी मंदिर निर्माण के लिए 1,21,000 रुपये का दान दिया था। छत्तीसगढ़ के लाखों लोगों ने भी करोड़ों रुपये का योगदान दिया है।
Bhupesh Baghel

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर देश में बवाल मचा हुआ है। विपक्ष लगातार सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर हमला बोल रहा है। कांग्रेस लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले को गांव-गांव तक पहुंचा रही है एवं भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप भी लगा रही है। अब इस मामले में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल का बयान सामने आया है।

कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा कि आपको रामशिला पूजा अभियान याद होगा। उस समय भाजपा और आरएसएस के कार्यकर्ता देशभर के गांव-गांव जाकर चंदा एकत्रित कर रहे थे। आज तक उस राशि का सार्वजनिक हिसाब नहीं दिया गया। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद जब राम मंदिर निर्माण शुरू हुआ, तब भी देशभर के लोगों ने श्रद्धापूर्वक दान दिया। छत्तीसगढ़ के लाखों लोगों ने भी करोड़ों रुपये का योगदान दिया है।

मैंने राम मंदिर निर्माण के लिए 1.21 लाख रुपये का दिया था दान: भूपेश बघेल

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि मंदिर निर्माण को लेकर भी कई शिकायतें सामने आई हैं। निर्माण कार्य में 40 प्रतिशत कमीशन लिए जाने के आरोप लगाए गए हैं। विधानसभा में मुझसे पूछा गया कि क्या मैंने भी दान दिया था। मैंने स्पष्ट रूप से कहा कि हां, मैंने 1,21,000 रुपये का दान दिया था। मेरी तरह लाखों लोगों ने आस्था के साथ मंदिर निर्माण में सहयोग किया है। इसलिए हम इस पूरे मामले पर सदन में चर्चा की मांग कर रहे हैं।

भूपेश बघेल ने भाजपा, आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि एक ओर वोटों की चोरी के आरोप लग रहे हैं और दूसरी ओर धार्मिक दान और चढ़ावे में भी कथित अनियमितताएं सामने आ रही हैं। ये लोग भगवान श्रीराम को तक नहीं बख्श रहे हैं। इस घटना में जितने लोग भी शामिल हैं उन लोगों ने महापाप किया है।

राम मंदिर चढ़ावा विवाद में अब तक की कार्रवाई

बता दें कि राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में कथित अनियमितताओं को लेकर कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। वहीं, 6 जुलाई को आयोजित राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए, जबकि सदस्य गोपाल राव को ट्रस्ट से हटा दिया गया। इसके साथ ही बैठक में सेवानिवृत्त भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारी कृष्ण मोहन को ट्रस्ट का नया कार्यकारी महासचिव नियुक्त किया गया। अब वह चंपत राय के स्थान पर ट्रस्ट के प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews