
बिलासपुर में 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। पुलिस ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इससे पहले जवानों ने मार्चपास्ट किया और हर्ष फायर किया। समारोह में स्कूली छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
आजादी का जश्न
जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया गया। सुबह 7 बजे स्कूलों, शासकीय कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान आजादी के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन किया गया।
शहीद परिवारों और अधिकारियों का सम्मान
मुख्य समारोह में नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को उप मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। शासकीय कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विभिन्न विभागों के 118 अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
हाईकोर्ट में आयोजित समारोह में चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस मौके पर जस्टिस, न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में कार्यवाहक अध्यक्ष एवं सीनियर जस्टिस ने ध्वजारोहण किया। दक्षिण-पूर्व मध्य रेलवे ने नॉर्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस मनाया, जहां महाप्रबंधक ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और आरपीएफ के जवानों ने करतब दिखाए। एसईसीएल मुख्यालय, वसंत विहार परेड ग्राउंड में सीएमडी ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।
पत्रकार कॉलोनी में देशभक्ति कार्यक्रम
बिलासपुर की पत्रकार कॉलोनी में भी ध्वजारोहण और देशभक्ति संगीत कार्यक्रम का आयोजन हुआ। पत्रकार कॉलोनी जनकल्याण समिति के अध्यक्ष रामाधार देवांगन ने कहा कि यह अवसर कॉलोनी के निवासियों और पत्रकारों को एक साथ लाकर देश के प्रति एकजुटता और देशभक्ति व्यक्त करने का मंच प्रदान करता है।
ध्वजारोहण के दौरान राष्ट्रीय ध्वज को ऊपर खींचकर फहराया गया। जो स्वतंत्रता और संप्रभुता के सम्मान का प्रतीक है। कार्यक्रम में सभी निवासियों और पत्रकारों ने मिलकर देश की आजादी और गौरव का जश्न मनाया।
