Chhattisgarh Weather: आज से फिर बदलेगा मौसम, बारिश की गतिविधियों में आएगी तेजी, इन जिलों में अलर्ट, जानें पूरे हफ्ते का हाल

CG Weather Forecast: चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से सोमवार से बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। फिलहाल पूरे हफ्ते गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) का क्रम बना रहेगा।
CG Weather

छत्तीसगढ़ में 48 घंटों के अंदर मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग ने सोमवार, 13 जुलाई से बारिश की गतिविधि में वृद्धि होने की संभावना जताई है। अगले 5 दिनों तक उत्तरी छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगाा।

अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में कोई परिवर्तन नहीं होगा लेकिन इसके बाद 1 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी। सोमवार को सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर और जशपुर में बारिश होगी। रायपुर में आकाश सामान्यतः मेघमय रहने तथा गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 34 डिग्री सेल्सियस और 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के मुताबिक, समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका अब श्रीगंगानगर, हिसार, मेरठ, शाहजहांपुर, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर और वहां से दक्षिण-पूर्व की ओर दक्षिण असम तक जा रही है। उत्तर-पूर्व बिहार और उसके आस-पास के इलाकों में समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। पश्चिमी हवाओं में एक द्रोणिका उत्तर में, समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई तक फैली हुई है। इसके असर से अगले तीन-चार दिन तक गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात होने की संभावना है। 14 से 16 जुलाई के बीच कहीं-कहीं भारी बारिश की भी चेतावनी जारी की गई है।

1 जून से 10 जुलाई तक 256.0 मिमी बारिश

छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, राज्य में 1 जून से 10 जुलाई 2026 तक औसत रूप से कुल 256.0 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो कि इस अवधि की सामान्य औसत बारिश (287.4 मिमी) का 89.1% है। राजधानी रायपुर में 118.3% (296.9 मिमी) हुई है।

सामान्य से अधिक बारिश वाले जिले: सारंगढ़-बिलाईगढ़ में प्रदेश में सबसे अधिक बारिश हुई है। अब तक 465.3 मिमी बारिश हो चुकी है, जो इसकी औसत बारिश (233.9 मिमी) का 198.9 % है। इसके अलावा बलरामपुर (132.2%), सक्ती (123.1%), दंतेवाड़ा (119.9%), और रायपुर (118.3%) में भी सामान्य से काफी अधिक बारिश हुई है।

सामान्य से कम बारिश वाले जिले: दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में मानसून की बेरुखी साफ नजर आ रही है। सुकमा जिले में अब तक के औसत (429.6 मिमी) के मुकाबले महज 220.6 मिमी (51.4%) ही पानी गिरा है।मोहला-मानपुर-अं.चौकी में अब तक केवल 54.7% बारिश दर्ज की गई है।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews