Vishnu Deo Sai CM Chhatisgarh: सीएम का ऐलान, विष्णु देव को राज्य की कमान, विधायक दल की बैठक के बाद बीजेपी ने लिया फैसला

Chhattisgarh CM

Chattisgarh CM News: तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए बीजेपी ने छत्तीसगढ़ राज्य के लिए सीएम का ऐलान कर दिया है। विधायक दल की बैठक में विधायकों ने सर्वसम्मति से विष्णु देव साय के नाम पर मोहर लगाई है।

आज रविवार सुबह से ही सीएम के नाम को लेकर छत्तीसगढ़ में बीजेपी का मंथन जारी था। रेणुका सिंह, रमन सिंह समेत कई दिग्गजों के नाम इस रेस में शामिल थे। लेकिन आलाकमान ने विधायकों की सहमति के बाद आदिवासी समाज से आने वाले विष्णु देव साय के नाम पर मोहर लगा दी है और उन्हें छत्तीसगढ़ की कमान सौंप दी है।

2020 में विष्णु देव साय बने थे छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष

आपको बता दें छत्तीसगढ़ के नए सीएम विष्णु देव साय राज्य की कुनकुरी विधानसभा से आते हैं। वे पार्टी की ओर से राज्य और केंद्र में पहले भी कई जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। 2020 में पार्टी ने उन्हें राज्य में प्रदेश अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी सौंपी थी। अब उन्हें सीएम बनाकर पार्टी ने निश्चित तौर पर आगामी लोक सभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की है। बात करें छत्तीसगढ़ की तो यहां आदिवासी समुदाय की जनसंख्या सबसे ज्यादा है, ऐसे में विष्णु देव साय, अजीत जोगी के बाद प्रदेश में दूसरे आदिवासी मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।

राज्यपाल से मिलेंगे विधायक

जानकारी के मुताबिक विष्णु देव साय पर सहमति बनाने के बाद अब सभी विधायक राज्यपाल भवन की ओर राज्यपाल से मिलने पहुंचेंगे और उन्हें अपने नेता के रूप में चुने गए विष्णु देव की जानकारी देंगे।

छत्तीसगढ़ को मिल सकते हैं डिप्टी सीएम

इतना ही नहीं छत्तीसगढ़ में सीएम के अलावा दो डिप्टी सीएम के पद भी हो सकते हैं। इस बात की जानकारी प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी थी। उन्होंने बताया था कि छत्तीसगढ़ राज्य में डिप्टी सीएम को लेकर पार्टी का मंथन जारी है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews