छत्तीसगढ़ के लाखों किसानों के खातों में 10 हजार करोड़ रुपये ट्रांसफर, सीएम विष्णु देव साय ने कृषक उन्नति योजना की राशि जारी की

छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने होली से पहले किसानों को बड़ा तोहफा दिया है। बिलासपुर में आयोजित किसान सम्मेलन से उन्होंने कृषक उन्नति योजना के तहत 24.28 लाख किसानों के बैंक खातों में सीधे 10324.84 करोड़ रुपए की आदान सहायता राशि भेजी। इसके साथ ही 263 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का भी लोकार्पण और शिलान्यास किया।
छत्तीसगढ़ के लाखों किसानों के खातों में 10 हजार करोड़ रुपये ट्रांसफर, सीएम विष्णु देव साय ने कृषक उन्नति योजना की राशि जारी की

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के लाखों किसानों के लिए मंगलवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर के बिल्हा ब्लॉक स्थित रहंगी गांव में आयोजित विशाल किसान सम्मेलन से एक क्लिक के जरिए प्रदेश के 24.28 लाख किसानों के खातों में 10324.84 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर की। यह राशि कृषक उन्नति योजना के तहत आदान सहायता के रूप में प्रदान की गई है, जिससे किसानों में खुशी की लहर है।

इस आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री ने न केवल किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त किया, बल्कि बिलासपुर जिले के लिए 263.17 करोड़ रुपए की लागत वाले 89 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास कर क्षेत्र के विकास को भी नई गति प्रदान की।

किसानों को मिला होली का उपहार

राज्य सरकार की इस पहल को किसानों के लिए ‘होली से पहले दिवाली’ के तौर पर देखा जा रहा है। योजना के तहत अकेले बिलासपुर जिले के ही 1,25,352 किसानों को 494.38 करोड़ रुपए की सहायता राशि मिली है। सरकार का मानना है कि इस कदम से न केवल कृषि क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बिलासपुर में विकास की नई नींव

किसान सम्मेलन के मंच से सीएम साय ने जिले को कई विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। उन्होंने 15.99 करोड़ रुपए की लागत से पूरे हो चुके 7 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही भविष्य की योजनाओं की मजबूत नींव रखते हुए 247.18 करोड़ रुपए की लागत वाले 82 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन भी सम्पन्न हुआ।

इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं में कई अहम कार्य शामिल हैं:

  • उच्चस्तरीय पुलों का निर्माण
  • प्रमुख मार्गों का मजबूतीकरण और चौड़ीकरण
  • प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण सड़कों का जाल
  • तखतपुर में नवीन मातृ-शिशु अस्पताल
  • बिलासपुर में फिजियोथेरेपी महाविद्यालय की स्थापना
  • नए सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन
  • सिंचाई सुविधाओं के विस्तार हेतु नहरों का जीर्णोद्धार

इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन, स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाओं में व्यापक सुधार होने की उम्मीद है, जिससे आम जनजीवन और सुगम होगा।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews