
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को भिलाई स्थित रूंगटा यूनिवर्सिटी में आयोजित विश्व युवा कौशल उत्सव 2025 के समापन समारोह को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की दिशा में लगातार कार्य कर रही है, जिसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
इस दौरान गोल्ड बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर 8183 युवाओं को प्रशिक्षण देने का रिकॉर्ड दर्ज किया गया है। संस्थान को इसका प्रमाणपत्र भी सौंपा गया। मुख्यमंत्री ने इस अद्वितीय आयोजन के लिए रूंगटा यूनिवर्सिटी को बधाई दी और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
उच्च शिक्षा का विस्तार
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में राज्य में उच्च शिक्षा संस्थानों का बड़ा विस्तार हुआ। आज राज्य में 15 मेडिकल कॉलेज, IIT, IIM, IIIT, CIPET, AIIMS और लॉ यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि बीते डेढ़ वर्षों में शासन को पारदर्शी बनाने के लिए कई सेवाएं ऑनलाइन की गईं, जिससे भ्रष्टाचार पर नियंत्रण हुआ और राजस्व में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
भारत की वैश्विक छलांग
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्किल इंडिया मिशन की शुरुआत की थी। तब भारत दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था। आज, केवल एक दशक में भारत चौथे स्थान पर पहुँच चुका है। उन्होंने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना को युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे न सिर्फ अनुभव मिल रहा है, बल्कि आर्थिक प्रोत्साहन भी मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति में ऐसे उद्योगों को प्रोत्साहन दिया जाएगा जो 1000 से अधिक स्थानीय युवाओं को रोजगार देंगे।
ग्लोबल स्किल हब की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़
कार्यक्रम में गूगल, IBM और इंटरनेशनल काउंसिल के साथ संयुक्त डिग्री कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। साथ ही हार्वर्ड और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालयों के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। एक सप्ताह में सबसे अधिक प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देने के लिए वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने कीर्तिमान की पुष्टि की। कार्यक्रम में 25 चयनित प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
सांसद और विधायकों ने की सराहना
समारोह में सांसद विजय बघेल और विधायक रिकेश सेन ने भी शिरकत की और इस आयोजन को युवाओं के लिए क्रांतिकारी कदम बताया। कुलपति संतोष रूंगटा ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी और कहा कि संस्थान छत्तीसगढ़ को ग्लोबल स्किल हब बनाने के लिए राज्य सरकार के साथ निरंतर प्रयासरत है।
