छत्तीसगढ़ राज्योत्सव पर PM मोदी का तोहफा; विधानसभा के नए भवन का करेंगे लोकार्पण

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को नवा रायपुर में नए विधानसभा भवन का लोकार्पण करेंगे। अत्याधुनिक सुविधाओं और पारंपरिक कला से सजा यह भवन 25वें राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेश को एक ऐतिहासिक सौगात देगा।
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव पर PM मोदी का तोहफा; विधानसभा के नए भवन का करेंगे लोकार्पण

छत्तीसगढ़ का नया विधानसभा भवन पूरी तरह से तैयार हो गया है और अब शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित इस नए भवन का निरीक्षण किया और बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 1 नवंबर को राज्योत्सव के अवसर पर इसका लोकार्पण करेंगे। साव ने कहा कि यह भवन न केवल आधुनिक सुविधाओं से लैस है बल्कि इसमें छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा की झलक भी देखने को मिलेगी। सदन की सीलिंग में धान की बालियां उकेरी गई हैं और फर्नीचर बस्तर के शिल्पकारों द्वारा बनाया गया है।

उप मुख्यमंत्री साव ने बताया कि नया विधानसभा भवन तीन सेक्टरों में विभाजित कर बनाया गया है और इसका सिविल कार्य पूरा हो चुका है। अब फिनिशिंग कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं और इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी के हाथों इसका लोकार्पण राज्य के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि होगी। साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और यह भवन आने वाले वर्षों के लिए गौरव का प्रतीक बनेगा।

तकनीक और परंपरा का संगम

साव ने बताया कि वर्ष 2000 में टेंट से शुरू हुई छत्तीसगढ़ विधानसभा अब अपने भव्य घर में प्रवेश करने जा रही है। नया विधानसभा भवन सर्वसुविधायुक्त और अत्याधुनिक तकनीक से लैस है। इसे अगले 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है ताकि भविष्य में इसे पेपरलेस विधानसभा के रूप में संचालित किया जा सके। भवन का हर हिस्सा छत्तीसगढ़ की आत्मा को दर्शाता है, धान की बालियों से सजी सीलिंग, पारंपरिक बस्तर शिल्प और आधुनिक वास्तुकला का अनूठा संगम इसे खास बनाता है।

राज्योत्सव की तैयारियों का भी लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री साव के साथ लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ। कमलप्रीत सिंह, प्रमुख अभियंता वी।के। भतपहरी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। साव ने राज्य स्थापना की रजत जयंती समारोह की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने नवा रायपुर स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर में आयोजित होने वाले भव्य समारोह की तैयारियों को देखकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस समारोह में पूरे प्रदेश की सांस्कृतिक झलक देखने को मिलेगी, जहां छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता की उम्मीदें एक मंच पर दिखाई देंगी।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews