डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का किया शुभारंभ, 146 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को मंजूरी

विजय शर्मा ने भोरमदेव कॉरिडोर के विकास के लिए स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत 146 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी मिलने की घोषणा की।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का किया शुभारंभ, 146 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को मंजूरी

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम के भोरमदेव मंदिर परिसर में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का शुभारंभ किया। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस ‘स्वच्छोत्सव’ में उन्होंने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन का संस्कार है। उन्होंने नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और कहा कि जनसहयोग से ही स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।

इस अवसर पर डिप्टी सीएम ने 600 परिवारों के लिए व्यक्तिगत शौचालय निर्माण हेतु 72 लाख रुपये की स्वीकृति राशि का पत्र जनपद पंचायत बोड़ला के अध्यक्ष को सौंपा। साथ ही, स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वच्छ ग्राही दीदियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। शर्मा ने महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने के लिए हर नागरिक से स्वच्छता को आदत बनाने का आह्वान किया।

146 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी

विजय शर्मा ने भोरमदेव कॉरिडोर के विकास के लिए स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत 146 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी मिलने की घोषणा की। इस परियोजना के तहत भोरमदेव मंदिर और आसपास के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक स्थलों का विकास होगा, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जल्द ही कार्य प्रारंभ होगा।

राज्य में रोजगार के भी बढ़ेंगे अवसर

इस परियोजना से न केवल पर्यटन को नई दिशा मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। डिप्टी सीएम ने विश्वास जताया कि परियोजना के पूर्ण होने पर भोरमदेव क्षेत्र देश-दुनिया के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी पहचान बनाएगा। यह पहल क्षेत्र के सांस्कृतिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews