भाजपा नेता पर चाकूओं से हमला, नेता सहित तीन लोग घायल, हमलावर फरार

भाजपा नेता पर चाकूओं से हमला, नेता सहित तीन लोग घायल, हमलावर फरार

छिंदवाड़ा, विनय जोशी। चांदामेटा के जय हनुमान पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार दोपहर 4 बजे कुछ लोगों ने योजना बनाकर भाजपा के पगारा मंडल अध्यक्ष एवं भाजीपानी के सरपंच मनीष उर्फ सोनू यादव एवं उसके दो साथियों पर हमला कर दिया। घटना में भाजपा नेता के सिर पर चाकू की गंभीर चोटें लगी है। वहीं नेता का खास साथी भूरा कौरव का हमले में सिर पर गंभीर चोट आई और एक पैर टूट गया है। तीसरे साथी को भी चोटें लगी है।

मारपीट करने के बाद हमलावर मोटरसाइकिल से केंद्रीय विद्यालय मार्ग से भाग गए। हमले में घायलों को पहले बड़कुही अस्पताल लाया गया वहां से फिर परासिया के सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया। भाजपा नेता मनीष यादव ने बताया कि दो मोटरसाइकिल में वे चार लोग परासिया से भाजीपानी जा रहे थे और पेट्रोल पंप के समीप केंद्रीय विद्यालय मार्ग पर सड़क के दोनों और सात आठ लोग पहले से ही खड़े थे। कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को रोका और एक व्यक्ति ने चाकू निकालकर उसके सिर पर वार किया। जिससे वह और भूरा कौरव मोटरसाइकिल से नीचे गिर गए। हमलावरों ने भूरा कौरव के साथ जमकर मारपीट की। वही तीसरा साथी नमन को भी चोटे लगी है। भाजपा नेता का कहना था कि वह अपनी जान बचाकर आगे स्थित दूसरे गुरुनानक पेट्रोल पंप में जाकर छुप गया जिससे उसकी जान बची। नेता के अनुसार उसने हमलावरों को पहचाना नहीं है। उसके साथियों ने हमलावरों को पहचाना है।

घर में हुआ था विवाद

भाजपा नेता मनीष यादव ने बताया है कि आज सुबह इकलेहरा निवासी असगर उर्फ बल्ला और उसका भतीजा मेरे घर आए थे और जबरदस्ती मुझसे शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। नहीं देने पर विवाद करने लगे जिसके बाद मैंने बड़कुही पुलिस चौकी को फोन किया। पुलिस दोनों को चौकी ले गई दूसरी और चौकी प्रभारी बालेंद्र शर्मा ने बताया कि सरपंच की शिकायत करने पर असगर उर्फ बल्ला पर 25 आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया गया है और वह सुबह से पुलिस चौकी में ही हैं। भाजपा नेता और भूरा कौरव पर किन लोगों ने हमला किया है। अभी यह पता नहीं चला है हालांकि पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews