छिंदवाड़ा में युवक ने कुल्हाड़ी से की अपने ही परिवार के 8 लोगों की जघन्य हत्या, हत्याकांड के बाद आरोपी ने खुद भी लगाई फांसी

ज़िले के माहुलझिर अंतर्गत ग्राम बोदल कछार में एक आदिवासी युवक ने इस सामूहिक हत्याकांड को अंजाम दिया। इसके बाद उसने अपना जीवन भी समाप्त कर लिया। जानकारी के मुताबिक़ उसका अपनी पत्नी से अक्सर विवाद होता था और ऐसी ही अनबन के दौरान वो अपना आपा खो बैठा और ये ह्रदय विदारक घटना हुई।
Chhindwara

The man murders 8 family members and hanged himself : छिंदवाड़ा से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के थाना माहुलझिर अंतर्गत ग्राम बोदल कछार में एक आदिवासी परिवार के युवक ने अपने माता पिता समेत 8 लोगों की हत्या कर दी है। इस युवक ने कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी, मां, भाई, भाभी, और बच्चों सहित आठ लोगों की जान लेने के बाद ख़ुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

युवक ने की अपने ही परिवारवालों की हत्या

जानकारी के मुताबिक़ दिनेश उर्फ़ भूरा गोंड नाम के युवक ने अपनी पत्नी के अलावा अपनी माँ (55), भाई (35), भाभी (30), बहन (16), भतीजा (5), भतीजी (4), भतीजी (डेढ़) को कुल्हाड़ी से काट दिया। उसने दस साल के एक बच्चे पर भी हमला किया था लेकिन वो घटनास्थल से भाग निकला। बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये घटना देर रात लगभग तीन बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार युवक नशे का आदी नहीं था लेकिन मानसिक रूप से विक्षिप्त था। उसकी हाल ही में शादी हुई थी और अक्सर पति-पत्नी में विवाद होता था। कहा जा रहा है कि इसी विवाद के दौरान युवक ने इस जघन्य घटना को अंजाम दिया। सबसे पहले उसने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला किया और फिर एक एक कर परिवार के आठ लोगों की जान ले ली। इस घटना को अंजाम देने के बाद वो ख़ुद फांसी पर झूल गया।

पुलिस ने शुरु की जाँच 

इस घटना के दौरान मची चीख पुकार सुन आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इस सनसनीख़ेज़ घटना की जानकारी मिलने पर छिंदवाड़ा एसपी भी गाँव पहुँच गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि “बीती रात उसने अपने परिवार में भाई, भाभी, पत्नी और छोटे बच्चे सहित 8 आठ लोगों की हत्या कर दी। उसके बाद गांव से 100 मीटर दूर नाले के पास पेड़ पर लटककर खुदखुशी कर लिया। इस घटना में एक बच्चा घायल है।” फ़िलहाल पुलिस ने पूरे गांव को सील कर दिया है और शवों को पोस्‍टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस घटना के बाद से गाँव में दहशत का माहौल है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews