जांबाज ASI नरेश शर्मा को शहीद का दर्जा, सीएम डॉ मोहन यादव बोले- अपराध अक्षम्य, सख्त एक्शन होगा

CM Dr Mohan Yadav

Martyr Status to ASI Naresh Sharma : एक आरोपी को पकड़ने के दौरान अपनी जान गंवाने वाले जांबाज एएसआई नरेश शर्मा को शासन ने शहीद का दर्जा देने की घोषणा की है, छिंदवाड़ा में हुई इस हृदय विदारक घटना पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दुःख जताया है और कहा है कि आरोपी का अपराध अक्षम्य है उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।

ASI को शहीद का दर्जा, 1 करोड़ की सम्मान राशी, परिवार के सदस्य को नौकरी 

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि एएसआई नरेश शर्मा का निधन पीड़ादायक है। मैं परिजनों के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ । मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर पुलिसकर्मी को शहीद का दर्जा दिया जाएगा और राज्य सरकार उनके परिवार को श्रद्धा निधि के रूप में 1 करोड़ रुपये की राशि प्रदान करेगी। साथ ही स्व. श्री शर्मा के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी भी दी जाएगी।

सीएम यादव बोले आरोपी को बक्शा नहीं जायेगा 

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में इस तरह का अक्षम्य अपराध करने वाले किसी भी आरोपी को नहीं बख्शा जाएगा। ऐसे अपराधों में लिप्त व्यक्ति क्षमा के योग्य नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ऐसे हुआ घटनाक्रम 

गौरतलब है कि  छिंदवाड़ा के न्यूटन पेट्रोल पंप पर बोलेरो सवार व्यक्ति ने डीजल डलवाया और बिना पैसे दिए जाने लगा जिसपर वहां उसे रोका गया तो उसने पेट्रोल पंप स्टाफ से मारपीट की और भाग गया, घटना की जानकारी डायल 100 के जरिये माहुलझिर थाने में पदस्थ ASI नरेश शर्मा को मिली, वे चैकिंग ड्यूटी पर थे, उन्होंने बोलेरो सवार को रोकने की कोशिश की लेकिन तेज रफ़्तार ड्राइवर ने ASI नरेश शर्मा पर गाड़ी चढ़ा दी उन्हें गंभीर चोट आई, स्टाफ अस्पताल लेकर भागा जहाँ डॉक्टर्स ने नरेश शर्मा को मृत घोषित कर दिया।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews