
छिंदवाड़ा, डेस्क रिपोर्ट। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के उमरेठ गांव की रहने वाली महिला पहलवान ने देश को दिवाली का तोहफा दिया है, शिवानी पवार ने सर्बिया में चल रही अंडर 23 अंतर्राष्ट्रीय महिला कुश्ती चैम्पियनशिप में फाइनल में जगह बना ली है। बुधवार रात 50 किलो वजन वर्ग में सेमीफाइनल में शिवानी ने रूस की मारिया त्यामरकोवा को पटखनी दी। फाइनल में जगह बनाने के बाद शिवानी को सिल्वर मैडल मिलना तय है। जानकारी के अनुसार सर्बिया में 1 नवंबर से 7 नवंबर तक अंडर 23 अंतर्राष्ट्रीय महिला कुश्ती चैम्पियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में भारतीय महिला कुश्ती टीम की सदस्य शिवानी पवार ने 50 किलो वर्ग के पहले दौर में प्रतिद्वंदी बेलारूस की अनस्तसिया यानोतवा को पटखनी देकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। क्वार्टर फाइनल में यूक्रेन की पहलवान प्रोफातिलोवा को हराकर सेमीफाइनल में गईं। चैम्पियनशिप में भारत से 30 महिला खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं, जिसमें मध्यप्रदेश से एकमात्र खिलाड़ी शिवानी पवार हैं।
