पति ही निकला कातिल, पोस्ट मार्टम रिपोर्ट ने खोला राज, पुलिस को गुमराह करने रची गोली की कहानी

पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि घटना के समय बंद कमरे में मृतका, उसका पति एवं उसके बच्चे मौजूद थे। वैज्ञानिक साक्ष्यों, घटनास्थल से प्राप्त तथ्यों, परिजनों के बयानों तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
Dabra Police Station, Gwalior

Dabra Police Station, Gwalior

ग्वालियर जिले की डबरा थाना पुलिस ने महिला की हत्या का खुलासा कर दिया है, हत्या का आरोपी महिला का पति ही निकला पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि पति ने तकिये से गला दबाकर पत्नी की हत्या की थी लेकिन पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने दवा की गोली खाने से मौत होने की कहानी गढ़ी थी।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 16 जुलाई  को थाना डबरा सिटी क्षेत्र के रिलायंस पेट्रोल पंप के पीछे रहने वाले धर्मेन्द्र उर्फ टिल्लू जाटव की पत्नी गीता की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

पुलिस को गुमराह करने बनाई कहानी, शक की सुई पति पर घूमी 

शुरूआती पूछताछ में मृतका के पति धर्मेन्द्र ने बताया कि मृतका की तबीयत खराब होने एवं गोली खाने के कारण उसकी मौत हुई है। लेकिन घटनास्थल पर पड़ताल करने वाली पुलिस को धर्मेंद्र के बयान पर शंका हुई , फोरेंसिक जांच में मृतका के तकिये के नीचे खून के धब्बे दिखाई दिए वहीं उसकी नाक के पास भी खून निकलता दिखाई दिया, पुलिस को शरीर पर भी चोट के निशान दिखाई दिए।

पीएम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों से हुआ हत्या का खुलासा 

पुलिस ने मृतका गीता के शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेजा और रिपोर्ट का इन्तजार किया, पीएम रिपोर्ट आते ही पुलिस का शक सही साबित हुआ, गीता की मौत दम घुटने से हुई यानि किसी ने उसका गला दबाकर उसे मारा है, पुलिस ने परिजनों के बयान लिए तो मालूम चला कि पति पत्नी के बीच लड़ाई झगड़े होते थे, धर्मेंद्र अपनी पत्नी गीता के चरित्र पर शक करता था, उसके साथ मारपीट करता था उसने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।

पति ने स्वीकार किया अपना अपराध, पुलिस ने गिरफ्तार किया  

घटना स्थल पर मिले साक्ष्य, परिजनों के बयान और पोस्ट मार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस की शक की सुई मृतका गीता के पति धर्मेंद्र पर जाकर टिक गई, पुलिस ने उसे उठा लिया और जब कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना अपराध कबूल कर लिया, उसने बताया कि उसने ही तकिये से मुंह दबाकर पत्नी गीता की हत्या की है, पुलिस ने  बीएनएस की धाराओं में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया  है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews