
Dabra News : डबरा में एसबीआई बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र पर लगभग एक दर्जन महिलाओं के साथ धोखाधड़ी हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद ग्राहक सेवा केंद्र संचालक अपने परिवार के साथ फरार हो गया है। जिसके बाद पीड़ित महिलाओं ने डबरा सिटी थाने में जाकर संचालक राहुल गौड़ के खिलाफ शिकायती आवेदन भी दिया लेकिन पुलिस द्वारा इसपर किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की गई है। आइए विस्तार से जानें पूरा मामला…
लाखों रुपये लेकर हुआ फरार
प्रदेश में साइबर क्राइम लगातार बढ़ता जा रहा है, जिसपर प्रशासन पूरी तरह लगाम नहीं लगा पा रहा। आए दिन लोग साइबर क्राइम जैसी घटना के शिकार हो रहे हैं। अक्सर, लोगों के साथ लाखों रुपयों की धोखाधड़ी के मामले सामने आते रहते हैं। इसके बावजूद, प्रशासन सतर्क नहीं है। जिसका एक ताजा मामला डबरा से सामने आया, जहां SBI बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक ने लगभग एक दर्जन महिलाओं के साथ फ्रॉड किया और लाखों रुपये लेकर मौके से फरार हो गया है।
अकाउंट में नहीं पहुंचा पैसा- पीड़िता
पीड़ित महिला धनवंती बाई निवासी लक्ष्मी कॉलोनी ने बताया कि एसबीआई के बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र संचालक ने उनके साथ धोखाधड़ी की है। जिसमें लगभग 8 से ज्यादा महिलाओं के साथ धोखाधड़ी हुई है। धनवंती ने बताया कि संचालक राहुल गौड़ ग्राम सिरसा का निवासी है जो कि ग्राहक सेवा केंद्र चलता था, जहां उन्होंने अपने डेढ़ लाख रुपए जमा किए थे। जिसके कुछ दिन बाद जब उन्होंने बैंक पहुंचकर अपना खाता चेक किया तो उनके अकाउंट में कोई पैसा नहीं पहुंचा था। वहीं, अन्य पीड़ित महिलाएं जब ग्राहक सेवा केंद्र पर पहुंची तो वहां पता चला कि कई दिनों से राहुल गौड़ दुकान नहीं खोल रहा। इसके बाद उन्होंने उसके घर जाकर पता किया तो घर में ताला लगा हुआ था। तब जाकर उन्होंने थाने में राहुल गौड़ के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।
[dgv_vimeo_video id=”883503509″]
पुलिस द्वारा नहीं हुई कार्रवाई
वहीं, एक दूसरी पीड़ित महिला ममता बाई ने बताया कि राहुल गौड़ ने उनसे अंगूठा लगवा कर 70,000 रुपए निकाल लिए और दुकान बंद कर फरार हो गया। ममता ने बताया कि वह आए दिन थाने के चक्कर लगा रही हैं और पुलिस उन्हें गुमराह कर रही है। पुलिस द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है और ना ही उसको पकड़ा गया। ममता का कहना है कि वह थाने में कई घंटे बैठी रहती हैं लेकिन पुलिस सिर्फ उनके चाचा को बुलाकर बात करती है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। ममता ने बताया कि उनके जैसी कई महिलाओं के साथ कियोस्क संचालक ने धोखाधड़ी की है।
[dgv_vimeo_video id=”883503998″]
[dgv_vimeo_video id=”883504806″]
अब इससे साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि त्यौहार का समय है। इस दौरान लोग अपना पैसा जमा करने और निकालने के लिए बैंकों द्वारा खोले गए छोटे-छोटे ग्राहक सेवा केंद्रों पर पहुंचते हैं लेकिन जब यही ग्राहक सेवा केंद्र संचालक लोगों के साथ धोखाधड़ी करेंगे तो लोगों का पैसा कहां सुरक्षित रहेगा। ऐसे में प्रशासन इनपर कोई कठोर कदम क्यों नहीं उठाता यह बहुत बड़ी बात है।
डबरा से अरुण रजक की रिपोर्ट
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

