पुतला दहन में नहीं जुटे भाजपाई, जिला मुख्यालय पर कार्यक्रम में कार्यकर्ता रहे नदारद

पुतला दहन में नहीं जुटे भाजपाई, जिला मुख्यालय पर कार्यक्रम में कार्यकर्ता रहे नदारद

दमोह| गणेश अग्रवाल| भारतीय जनता पार्टी (BJP) के द्वारा मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ (Kamalnath) के पुतला दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया| जिला अस्पताल चौराहे पर आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रीतम सिंह लोधी की मौजूदगी में यह कार्यक्रम किया गया| लेकिन पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान लॉकडाउन (Lockdown) के बाद भीड़ जुटाने में भाजपाई असफल नजर आए और जो कार्यकर्ता मौजूद थे, वह कार्यकर्ता केवल सोशल मीडिया पर अपनी फोटो डालने के लिए उत्साहित दिखाई दिए| चंद मिनटों में ही पुतला दहन करके नारेबाजी कर कर्तव्य से इतिश्री कर दी गई|

दरअसल प्रदेश के आह्वान के बाद कांग्रेस की सरकार में केंद्र में मुख्य पदों पर रहे कमलनाथ के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया जाना था. जिसको लेकर यह कार्यक्रम दमोह में भी आयोजित किया गया. लेकिन दमोह में आयोजित कार्यक्रम की सूचना मीडिया कर्मियों को भी नहीं दी गई और चंद मिनटों में ही कार्यक्रम पूरा कर लिया गया. हालांकि कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर सक्रिय नजर आए और फोटो सेशन करते दिखाई दिए. नवागत अध्यक्ष की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह ना होना और संख्या के हिसाब से कम लोगों की मौजूदगी भी कई मामलों की ओर इशारा करती है. देखना होगा आगामी कार्यक्रमों में किस तरह के नजारे देखने मिलते हैं| इस मामले पर मंडल अध्यक्ष संतोष रोहित का कहना है कि पार्टी के निर्देशानुसार कम लोगों को ही बुलाया गया था, क्योंकि संक्रमण के चलते सोशल डिस्टेंस का पालन करना आवश्यक है. ऐसे हालात में कम कार्यकर्ताओं के साथ ही कार्यक्रम आयोजित किया गया| यही कारण था कि आयोजन में कम कार्यकर्ता थे, और इस तरह आगामी दिनों में भी पार्टी के निर्देशानुसार ही कार्यक्रम आयोजित होंगे|

भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रीतम सिंह लोधी का कहना था कि वर्तमान संक्रमण काल को देखते हुए प्रदेश के निर्देश के बाद केवल 20 कार्यकर्ताओं को आमंत्रित करके यह कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे| यही कारण था कि कम लोगों को ही कार्यक्रम में बुलाया गया था| प्रदेश के निर्देश के कारण ही कम कार्यकर्ता पहुंचे थे. हम लोगों ने सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए कमलनाथ का पुतला जलाया है. साथ ही निर्देशों का पालन किया है|

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews