दुकानदार के साथ मारपीट करने और तोड़फोड़ के बाद खुद को मंत्री का रिश्तेदार बताया, पुलिस ने दर्ज किया मामला

अधेड़ व्यक्ति ने होटल में तोड़फोड़ करवाने के बाद गन्दी गन्दी गालियां दी, खुद को मंत्री लखन पटेल का रिश्तेदार बताया किसी ने इसका वीडियो बना लिया जो अब वायरल हो रहा है।
Attack on a shopkeeper in Damoh

Attack on a shopkeeper in Damoh

दमोह में सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है जिसमें एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति गन्दी गन्दी गालियां देकर एक व्यक्ति को जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपनानित कर रहा और धमकी दे रहा है कि वो  प्रदेश सरकार के मंत्री लखन पटेल का रिश्तेदार है और उसका कोई कुछ नहीं कर सकता।

ये वीडियोजब तेजी से वायरल हुआ तो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर मंत्री लखन पटेल भी ट्रोल हुए और लोग चुटकियां लेकर मंत्री को कटघरे में खड़ा कर रहे है। मंत्री लखन पटेल कुछ दिनों पहले अपना पशुपालन और डेयरी मंत्रालय छिनने के बाद आनंद मंत्रालय का जिम्मा संभालने के बाद मीडिया से दूरी बनाए है लेकिन जब ट्रोल हुए तो उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल कर खुद को इस घटना से अलग बताया है।

दुकान में तोड़फोड़ की, बताया मंत्री का रिश्तेदार 

मंत्री पटेल का रिश्तेदार बता कर दुकानदार और उसके यहाँ काम करने वाले लड़के के साथ मारपीट का मामला कुछ इस तरह से है कि देहात थाना क्षेत्र के इमलाई फैक्ट्री के पास योगेंद्र अहिरवार की एक छोटी सी होटल और किराना दुकान है, इस दुकान पर इमलाई में ही रहने वाले अशोक पटेल नाम के अधेड़ शख्स आए और उन्होंने सिगरेट मांगी दुकानदार ने सिगरेट न होने की बात कह कर मना कर दिया तो अशोक आग बबूला हो गया और उसने अपने बेटों को बुलाया और फिर इन लोगों ने पूरी दुकान तहस नहस कर दी।

हमले में होटल कर्मचारी गंभीर घायल 

गुस्साए लोगों ने लाठी से वार किया जिसमें दुकान में काम करने वाला अंकित चौधरी और किसी काम से होटल आये योगेंद्र अहिरवार के छोटे भाई सुनील अहिरवार घायल हो गए, अंकित के सिर में चोट आई है, इतना करने के बाद भी अशोक पटेल शांत नहीं हुए उन्होंने गन्दी गन्दी गालियां दी, खुद को मंत्री लखन पटेल का रिश्तेदार बताया किसी ने इसका वीडियो बना लिया जो अब वायरल हो रहा है।

मंत्री ने कहा,  मंसूबों की तह तक जाने के निर्देश

मंत्री पटेल ने एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा है कि वीडियो में कही जा रही बातें और घटना निंदनीय है इसे सहन नहीं किया जाएगा, पुलिस ने मामला दर्ज किया है और निर्देश दिए है कि सख्त कार्यवाही की जाए। मंत्री के ट्वीट में एक खास बात लिखी है जो गौर करने वाली बात है उन्होंने लिखा है कि इस कृत्य के पीछे के मंसूबों की तह तक जाने के निर्देश दिए गए है, ये लाइन कहीं न कहीं ये इशारा कर रही है कि पिछले राजनीतिक घटनाक्रम के बाद मंत्री को लग रहा है कि उनके खिलाफ कुछ बड़ा चल रहा है इसलिए वो पुलिस जैसी एजेंसी से ये पता लगवाने की कोशिश कर रहे है कि आखिर ये सब क्यों हो रहा है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मामला 

उधर थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय ने बताया कि इस मामले में अशोक पटेल और उनके बेटों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है,मंत्री ने कहा है कि वो कोई रिश्तेदार नहीं है, पुलिस ने होटल में तोड़फोड़, मारपीट और एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है और आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews