MP Breaking News

दमोह: स्वतंत्रता दिवस समारोह में पूर्व ​प्रिंसिपल का बड़ा आरोप, मौजूदा प्राचार्य को बताया भ्रष्टाचारी, सामने आया वीडियो

दमोह से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम के बीच मंच से पूर्व प्रिंसिपल ने मौजूदा प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिसका वीडियो भी सामने आया है।
Damoh News

मध्यप्रदेश के दमोह जिले से स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां मंच से एक पूर्व प्राचार्या ने मौजूदा प्राचार्य पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि यह मामला दमोह जिले की पटेरा तहसील के उत्कृष्ट विद्यालय का है। जहां स्वतंत्रता दिवस के मौके पर स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। बच्चे ध्वजारोहण के बाद अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का इंतजार कर रहे थे और उसके पहले मंच से बच्चों को संबोधित किया जा रहा था। भाषण देने वाले बच्चों को आजादी के मायने बता रहे थे बच्चों को शहीदों की शहादत के किस्से सुनाए जा रहे थे। इसी बीच, स्कूल की पूर्व प्राचार्या वंदना भोज भाषण देने आई। उन्होंने चंद शब्दों में आजादी के बारे में बताया और फिर मौजूदा प्राचार्य कमलेश शर्मा पर सीधा हमला बोलते हुए उन्हें भ्रष्टाचारी करार ​दे दिया। आजादी के पर्व के दौरान इस तरह की बात वाकई सबको हैरान करने वाली ही थी।

मौजूदा प्राचार्य पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप

पूर्व प्राचार्या वंदना भोज ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी जानते हैं कि हमारे शहीदों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को आजादी दिलाई। उन्होंने कहा कि आज कुछ लोग भ्रष्टाचार कर देश को नुकसान पहुंचाने और डुबोने का काम कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने भविष्य में ईमानदारी को प्राथमिकता दें। इस दौरान उन्होंने मौजूदा प्राचार्य कमलेश शर्मा का नाम लेते हुए उन पर भ्रष्टाचार और वरिष्ठों को पीछे छोड़कर पैसे देकर प्राचार्य बनने का आरोप लगाया।

कार्यक्रम में मौजूद स्कूल टीचर्स स्टाफ और बच्चे अपनी पूर्व प्राचार्या की ऐसी बातें सुनकर स्तब्ध रह गए। इस दौरान प्राचार्य कमलेश शर्मा भी मंच पर थे सब सुन रहे थे लेकिन वो एकदम शांत रहे और पूर्व प्राचार्या अपनी दलील देकर वहां से चलती गईं। यह मामला बेहद हैरान करने वाला है क्योंकि ये उस दिन हुआ जब आजादी का जश्न मनाया जा रहा था। जब बच्चों को देश के प्रति अपने दायित्वों को बताया जा रहा था। ऐसे में किसी विशेष मंच से शिक्षक पर आरोप लगाना सोचने वाली बात है। हालांकि मौजूदा प्राचार्य की ओर से इस मामले को लेकर अभी तक काई बयान सामने नहीं आया है।

पूर्व प्राचार्या के बयान के बाद मचा हड़कंप

दरअसल, पिछले सप्ताह ही उत्कृष्ट विद्यालय की प्राचार्या वंदना भोज को उनके पद से हटा दिया गया था। इसके बाद उनकी जगह कमलेश शर्मा को नया प्राचार्य नियुक्त किया गया। इसी के बाद स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पूर्व प्राचार्या वंदना भोज ने मंच से नए प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि उन्होंने पैसे देकर प्राचार्य का पद हासिल किया है। पूर्व प्राचार्या के इस बयान के बाद विद्यालय में प्राचार्य की नियुक्ति प्रक्रिया और पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

हालांकि, वंदना भोज द्वारा लगाए गए आरोपों की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। इस मामले में फिलहाल किसी संबंधित अधिकारी का आधिकारिक बयान भी सामने नहीं आया है। पूरा मामला अभी तक वायरल वीडियो में पूर्व प्राचार्या द्वारा दिए गए बयान के आधार पर ही सामने आया है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews
दमोह: स्वतंत्रता दिवस समारोह में पूर्व ​प्रिंसिपल का बड़ा आरोप, मौजूदा प्राचार्य को बताया भ्रष्टाचारी, सामने आया वीडियो - MP Breaking News