दमोह में बाबा रामपाल के अनुयायियों ने पत्रकार के खिलाफ खोला मोर्चा, AI फोटो-वीडियो से छवि खराब करने का आरोप, कार्रवाई की मांग

दमोह में बाबा रामपाल के अनुयायियों ने पत्रकार राघवेंद्र राठौर के खिलाफ एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। अनुयायियों ने एआई जनरेटेड फोटो-वीडियो से छवि खराब करने और फेसबुक पर लोगों को उकसाने का आरोप लगाया है।
Damoh News

दमोह: मध्यप्रदेश के दमोह जिले में संत बाबा रामपाल का मामला एक बार फिर गरमा गया है। पिछले सप्ताह बाबा रामपाल के अनुयायियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर संत शक्तिपुत्र महाराज के अनुयायियों पर रामपाल के खिलाफ विवादित टिप्पणी एवं एआई के माध्यम से आपत्तिजनक ​तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया था। अब इस मामले में एक और नया मोड़ सामने आ गया। बाबा रामपाल के अनुयायी एक खिलाफ लामबंद हो गए हैं और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

मंगलवार को बड़ी संख्या में बाबा रामपाल के भक्त एसपी कार्यालय पहुंचे और पत्रकार राघवेंद्र राठौर के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई। बाबा रामपाल के भक्तों का कहना है कि पत्रकार ने एआई जनरेटेड फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब कर रहा है। इससे उनकी भावनाएं आहत हुई हैं।

फेसबुक पोस्ट को लेकर बाबा रामपाल के अनुयायियों में नाराजगी

अनुयायियों का आरोप है कि पत्रकार राघवेंद्र ने फेसबुक पर बाबा रामपाल के अनुयायियों को जहां भी मिलें, मारने के लिए लोगों को उकसाया है जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। अनुयायियों का कहना है कि यदि पत्रकार राघवेंद्र राठौर के पास उनके गुरुजी के खिलाफ कोई प्रमाण हैं तो उन्हें सार्वजनिक रूप से सामने लाना चाहिये। बिना प्रमाण इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिये। जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हों। अनुयायियों ने यह भी कहा कि उनके गुरुजी कोई भी बात बिना प्रमाण के नहीं करते।

शिकायत के बाद पत्रकार के खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश

इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने कोतवाली पुलिस को पत्रकार के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करने के निर्देश दिये हैं। सीएसपी एचआर पांडे के अनुसार, मामले में प्रकरण दर्ज किया जा रहा है एवं मामले की जांच की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दमोह से दिनेश अग्रवाल की रिपोर्ट

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews