दमोह: मध्यप्रदेश में स्कूलों से जुड़ी समस्याओं को लेकर छात्र-छात्राओं के कलेक्टर कार्यालय पहुंचने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब दमोह जिले में भी ऐसा ही मामला सामने आया है जहां मंगलवार को लुहारी सरकारी स्कूल के बच्चे मध्यान्ह भोजन की शिकायत लेकर कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे।
बता दें जनसुनवाई में उपस्थित अधिकारियों के सामने बच्चों ने स्कूल में मिलने वाले मध्यान्ह भोजन को लेकर कई गंभीर शिकायतें रखीं। बच्चों का आरोप है कि स्कूल में जो निर्धारित मेन्यू है उसके अनुसार भोजन नहीं दिया जाता है। इतना ही नहीं कई बार खाना इतना कम आता है कि कुछ बच्चे भोजन करने से रह जाते हैं।
भोजन व्यवस्था पर बच्चों ने उठाए सवाल
बच्चों ने शिकायत में बताया कि उनके सरकारी स्कूल में करीब 215 बच्चे दर्ज हैं। स्कूल में भोजन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी जय कंकाली माता स्व-सहायता समूह को दी गई है। बच्चों का आरोप है कि समूह के संचालक से कई बार शिकायत करने के बावजूद भोजन की व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। बच्चों ने यह तक बताया कि उनको न तो कभी हलवा, पराठे और मूंग बड़ी दी जाती है न ही पर्याप्त भोजन दिया जाता है।
दाल में झिंगरा मिलने का भी आरोप
जनसुनवाई दी गई शिकायत के मुताबित, बच्चों ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी शिकायत की। उनका आरोप है कि 9 सितंबर को स्कूल में परोसी गई दाल में दो झिंगरा मिले थे। साथ ही जो भोजन आ रहा है वह भी कभी अधपका तो कभी न खाने योग्य भोजन आ रहा है।
थालियां ठीक से साफ नहीं होने का भी आरोप
बच्चों ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल के किचिन में केवल सब्जी बनाई जाती है, जबकि रोटी और दाल स्व-सहायता समूह के यहां से तैयार होकर आती है। इसके बाद तैयार भोजन स्कूल के किचिन में रखा जाता है। बच्चों ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल में थालियां भी कई बार ठीक से साफ नहीं होती हैं। बच्चों ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की जांच कराई जाए और स्कूल में निर्धारित मेन्यू, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित ठीक कराई जाये।







