दमोह के हटा बाजार में युवक की सरेआम पिटाई, डंडे और बेल्ट से पीटने का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

मध्य प्रदेश के दमोह जिले में सरेआम गुंडागर्दी का एक वीडियो सामने आया है। हटा के सब्जी बाजार में कुछ बदमाशों ने एक युवक को डंडों और बेल्ट से बेरहमी से पीटा। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।
दमोह के हटा बाजार में युवक की सरेआम पिटाई, डंडे और बेल्ट से पीटने का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

दमोह: मध्य प्रदेश के दमोह जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक मामला सामने आया है। जिले के हटा इलाके में स्थित सब्जी बाजार में आधा दर्जन बदमाशों ने एक युवक को सरेआम घेरकर डंडों और बेल्ट से बेरहमी से पीटा। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद पुलिस प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं।

घटना हटा के व्यस्त सब्जी बाजार की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक एक शख्स को रोकते हैं और उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर देते हैं। देखते ही देखते वे उस पर हमला कर देते हैं। हमलावर युवक पर लाठी-डंडों और बेल्ट से लगातार वार करते रहे।

भीड़ बनी रही तमाशबीन, किसी ने नहीं की मदद

हैरानी की बात यह है कि यह घटना काफी देर तक भीड़ भरे बाजार में चलती रही, लेकिन किसी ने भी पीड़ित युवक को बचाने की कोशिश नहीं की। लोग तमाशबीन बने घटना को देखते रहे और कुछ लोग इसका वीडियो बनाते रहे। इस दौरान न तो कोई पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचा और न ही किसी स्थानीय नागरिक ने हस्तक्षेप किया। इस घटना ने इलाके में डर का माहौल पैदा कर दिया है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

पुलिस ने वीडियो के आधार पर शुरू की जांच

मामले का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है। इस संबंध में दमोह के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) सुजीत सिंह भदोरिया ने बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले आरोपियों की पहचान की जा रही है।

“मारपीट करने वालों की वीडियो के आधार पर पहचान हो रही है एवं पीड़ित को बुलाकर उसके कथनों के आधार पर मामला दर्ज कराया जाएगा।” — सुजीत सिंह भदोरिया, एडिशनल एसपी, दमोह

पुलिस का कहना है कि पीड़ित से संपर्क कर उसका बयान दर्ज किया जाएगा और उसके बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले में इस तरह की बढ़ती घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

[dgv_vimeo_video id=”1130277826″]

दमोह से दिनेश अग्रवाल की रिपोर्ट

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews