दतिया में भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त, सड़कों पर जलभराव, फील्ड में कलेक्टर, स्कूलों में छुट्टी

कलेक्टर कार्यालय से जारी जानकारी के मुताबिक इस सीजन में अबतक 260.70 एमएम बारिश हो चुकी है जो जिले में सामान्य बारिश का 30.1 प्रतिशत है।
Heavy rains in Datia waterlogging in various areas

Heavy rains in Datia waterlogging in various areas

ग्वालियर चंबल अंचल में लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है, अंचल के दतिया जिले में आज शुक्रवार सुबह से ही भारी बारिश का दौर शुरू हो गया, लगातार हो रही बारिश ने थोड़ी ही देर में हालात बिगाड़ दिए, सड़कों पर पानी भर गया, नाले उफान पर आने लगे, हालात को देखते हुए कलेक्टर खुद फील्ड में उतरे और अधीनस्थों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए, कलेक्टर ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों में आज छुट्टी घोषित कर दी।

दतिया में आज सुबह से ही बारिश की झड़ी लगी हुई है , पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश से जहाँ लोग खुशनुमा मौसम का आनंद ले रहे थे लेकिन आज हो रही बारिश ने लोगों के लिए परेशानी बढ़ानी शुरू कर दी, थोड़ी ही देर में सड़कों पर पानी भर गया, शहर से निकलने वाले नालों से पानी बाहर आने लगा, वर्किंग डे होने से लोगों को काम के लिए निकलने में परेशानी होने लगी।

नर्सरी से कक्षा 8वीं तक आज छुट्टी घोषित 

हालातों को समझते हुए कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने जिला शिक्षा अधिकारी को नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के सभी स्कूलों में आज अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए, कलेक्टर के निर्देश पर डीईओ विद्या मिश्रा ने जिले में संचालित शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त विद्यालयों में छुट्टी घोषित कर दी। DEO के आदेश में कहा गया है कि दतिया विकासखंड में 8वीं से ऊपर के सभी स्कूलों में भी आज छुट्टी रहेगी वहीं भांडेर एवं सेंवढा में स्थानीय हालात को देखते हुए संस्था प्रमुख निर्णय ले सकेंगे।

हालात का जायजा लेने कलेक्टर फील्ड में 

हालात का जायजा लेने कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े फील्ड में उतरे, उन्होंने स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों को साथ लिया और उन जगहों का निरीक्षण किया जहाँ जलभराव की अधिक शिकायतें थी, उन्होंने जाम और कचरों से भरे नालों को भी देखा और तत्काल सफाई के निर्देश दिए साथ ही जहाँ जहाँ जलभराव है वहां पानी निकासी के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा स्थितियों पर नजर रखी जा रही है, हालत नियंत्रण में है।

अधिकारियों को स्थिति पर नजर बनाये रखने के निर्देश 

जानकारी के मुताबिक दतिया में शुक्रवार को सुबह चार घंटे में 40 में एमएम से अधिक बारिश दर्ज की गई है, कलेक्टर ने अधीनस्थों को स्थिति पर नजर बनाये रखने के निर्देश दिए हैं वहीं स्थानीय लोगों से बारिश के पानी से भरे स्थानों से सावधानी से निकलने की अपील की गई है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews