
28 अक्टूबर 1986 को हैदराबाद में जन्मीं अदिति राव हैदरी (Aditi Rao Hydari) आज सिर्फ एक अभिनेत्री नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा की एक पहचान बन चुकी हैं। अपनी सादगी, क्लास और रॉयल ग्रेस के लिए मशहूर अदिति ने हिंदी, तमिल, तेलुगू और मलयालम फिल्मों में काम किया है।
पर क्या आप जानते हैं कि रियल लाइफ में भी अदिति एक राजकुमारी हैं? जी हां, उनका जन्म हैदराबाद के शाही घराने में हुआ था, और उनके परदादा अकबर हैदरी कभी हैदराबाद के प्रधानमंत्री रहे थे।
शाही परिवार से है अदिति राव हैदरी का रिश्ता
अदिति के खून में ही रॉयल ठाठ-बाट बहता है। उनके परदादा अकबर हैदरी (Akbar Hydari) 1869 से 1941 तक हैदराबाद के प्रधानमंत्री थे। उनके चाचा मोहम्मद सालेह अकबर हैदरी असम के पूर्व राज्यपाल रह चुके हैं।
अदिति के पिता एहसान हैदरी एक मशहूर मुस्लिम परिवार से हैं, जबकि उनकी मां विद्या राव एक जानी-मानी शास्त्रीय गायिका हैं, जो ठुमरी और दादरा गायन के लिए प्रसिद्ध हैं। यही वजह है कि अदिति में कला और संस्कार दोनों रचे-बसे हैं। दिलचस्प बात यह है कि अदिति, आमिर खान की एक्स-वाइफ किरण राव की ममेरी बहन हैं। यानी उनका बॉलीवुड से पुराना और गहरा रिश्ता रहा है।
21 साल की उम्र में की थी शादी
बॉलीवुड में कदम रखने से पहले ही अदिति ने शादी कर ली थी। साल 2009 में, जब वो सिर्फ 21 साल की थीं, उन्होंने एक्टर सत्यदीप मिश्रा (Satyadeep Misra) से शादी की थी। हालांकि, शादी ज्यादा नहीं टिक पाई। दोनों ने साल 2013 में आपसी सहमति से तलाक ले लिया। अदिति ने कभी अपनी निजी जिंदगी को ज्यादा पब्लिक नहीं किया, लेकिन इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि, मैंने कम उम्र में शादी की, लेकिन उस रिश्ते से मैंने बहुत कुछ सीखा। सत्यदीप मिश्रा आज एक जाने-माने एक्टर हैं, जिन्हें वेब सीरीज और फिल्मों में देखा जाता है।
फिल्मी सफर की शुरुआत और सफलता की उड़ान
अदिति ने अपने करियर की शुरुआत 2006 में मलयालम फिल्म प्रजापति से की थी। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड में एंट्री ली और दिल्ली-6, रॉकस्टार, वजीर, पद्मावत जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय किया। उनकी सादगी और निखरती अदाकारी ने दर्शकों का दिल जीत लिया। पद्मावत में उनके किरदार मेहरून्निसा ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई। इसके अलावा, अदिति को ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी खूब पसंद किया गया है। हाल ही में उन्होंने संजय लीला भंसाली की चर्चित वेब सीरीज ‘हीरामंडी’ में अहम भूमिका निभाई, जिसने उनके करियर को नई ऊंचाई दी।
सिद्धार्थ के साथ फिर रची शादी
अदिति राव हैदरी की जिंदगी ने एक और खूबसूरत मोड़ तब लिया, जब उनकी मुलाकात साउथ के एक्टर सिद्धार्थ (Siddharth) से हुई। दोनों की पहली मुलाकात 2021 में आई फिल्म महा समुद्रम के सेट पर हुई थी। सेट पर दोस्ती हुई, और धीरे-धीरे ये रिश्ता प्यार में बदल गया। दोनों ने करीब तीन साल तक एक-दूसरे को डेट किया और फिर इस साल गुपचुप शादी कर ली। सिद्धार्थ की भी यह दूसरी शादी है, उनकी पहली पत्नी मेघना नारायण थीं, जिनसे वो 2007 में अलग हो गए थे। अदिति और सिद्धार्थ की जोड़ी को फैंस खूब पसंद करते हैं। दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर साथ नजर आते हैं और उनकी केमिस्ट्री लोगों के बीच चर्चा में रहती है।
अदिति की रॉयल पर्सनैलिटी और ग्रेस
अदिति राव हैदरी सिर्फ अपनी खूबसूरती के लिए नहीं, बल्कि अपने व्यवहार, बोलचाल और रॉयल एलिगेंस के लिए भी जानी जाती हैं। उनकी मुस्कान और शालीनता उन्हें बॉलीवुड की बाकी अदाकाराओं से अलग बनाती है। फैशन इंडस्ट्री में भी अदिति का जलवा किसी महारानी से कम नहीं। चाहे ट्रेडिशनल आउटफिट्स हों या रैड कार्पेट लुक, वो हर बार रॉयल टच के साथ दिल जीत लेती हैं।

