अनुपम खेर बने अशोक सिंघल! ‘श्री रामभूमि’ से फर्स्ट लुक ने बढ़ाई फिल्म की चर्चा

अनुपम खेर श्री रामभूमि फिल्म को लेकर लंबे समय से चर्चा में थे। अब उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर साफ कर दिया है कि वह फिल्म में विश्व हिंदू परिषद के पूर्व नेता अशोक सिंघल का किरदार निभा रहे हैं।
'श्री रामभूमि' से सामने आया अनुपम खेर का फर्स्ट लुक, निभाएंगे अशोक सिंघल का किरदार

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर एक बार फिर एक ऐतिहासिक किरदार के साथ बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं। उनकी आने वाली फिल्म ‘श्री रामभूमि’ का फर्स्ट लुक सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा हो रही थी कि आखिर वह किस भूमिका में दिखाई देंगे।

अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म से जुड़ी तस्वीरें शेयर करते हुए एक भावुक नोट भी लिखा। उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल सिर्फ एक नेता नहीं थे, बल्कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े एक अहम चेहरा थे।

अनुपम खेर ने क्यों बताया इस रोल को खास?

अपने पोस्ट में अनुपम खेर ने लिखा कि मीडिया में उनके लुक की तस्वीरें आने के बाद उन्होंने खुद लोगों को यह बताना जरूरी समझा कि वह फिल्म में किस भूमिका में नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को अपनी सोच, समर्पण और दृढ़ विश्वास से नई दिशा देने का काम किया था। इसी वजह से उनके जीवन को पर्दे पर उतारना आसान नहीं है।

View this post on Instagram

A post shared by Anupam Kher (@anupampkher)


अभिनेता ने कहा कि किसी ऐसे व्यक्ति का किरदार निभाना, जिसका नाम देश के एक बड़े सामाजिक और धार्मिक आंदोलन से जुड़ा रहा हो, एक कलाकार के लिए बड़ी जिम्मेदारी होती है। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस भूमिका को पूरी संवेदनशीलता और ईमानदारी के साथ निभाने की कोशिश कर रहे हैं। उनके इस पोस्ट पर बड़ी संख्या में फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी और उनके नए लुक की तारीफ की।

हाल के वर्षों में अनुपम खेर कई ऐसी फिल्मों का हिस्सा रहे हैं, जिनमें उन्होंने वास्तविक और ऐतिहासिक किरदार निभाए हैं। यही वजह है कि दर्शकों को उनसे इस फिल्म में भी दमदार अभिनय की उम्मीद है।

अयोध्या में चल रही है ‘श्री रामभूमि’ की शूटिंग

फिल्म ‘श्री रामभूमि’ की शूटिंग इस समय अयोध्या में चल रही है। शूटिंग शुरू करने से पहले अनुपम खेर ने राम मंदिर और हनुमानगढ़ी पहुंचकर दर्शन किए। उन्होंने बताया कि किसी भी शुभ काम की शुरुआत भगवान का आशीर्वाद लेकर करना उनकी परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने सभी लोगों की सुख-शांति और अच्छे स्वास्थ्य की भी कामना की।

फिल्म के मेकर्स ने अभी इसकी रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन फिल्म को लेकर लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं। माना जा रहा है कि यह फिल्म श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े कई अहम घटनाक्रमों को बड़े पर्दे पर दिखाएगी। हालांकि, फिल्म की पूरी कहानी को लेकर अभी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है।

फिल्म का फर्स्ट लुक सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है। कई लोग अनुपम खेर के मेकअप और लुक को अशोक सिंघल से काफी मिलता-जुलता बता रहे हैं। वहीं, कुछ दर्शक अब फिल्म के टीजर और ट्रेलर का इंतजार कर रहे हैं।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews