बुरी फंसी भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा अवस्थी, 11.5 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप, FIR दर्ज

भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा अवस्थी और उनके पति पर फिल्म इंडस्ट्री में निवेश का झांसा देकर 11.50 करोड़ रुपये की ठगी का गंभीर आरोप लगा है। मुंबई पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Akanksha Awasthi

मुंबई की फिल्मी दुनिया से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने निवेश और ग्लैमर के रिश्ते पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री आकांक्षा अवस्थी और उनके पति पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। इस मामले ने फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कारोबारियों के बीच हलचल मचा दी है।

हम बता दें कि एक व्यवसायी की शिकायत पर मुंबई पुलिस ने आकांक्षा अवस्थी, उनके पति विवेक कुमार उर्फ अभिषेक कुमार सिंह चौहान और उनके साथियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि फिल्म स्टूडियो और बड़े मुनाफे का सपना दिखाकर 11.50 करोड़ रुपये की ठगी की गई।

कैसे शुरू हुई पूरी कहानी

इस पूरे मामले की शुरुआत उस वक्त हुई, जब सीमा शुल्क निकासी यानी कस्टम क्लियरेंस के व्यवसाय से जुड़े हितेश कांतिलाल अजमेरा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता का कहना है कि उनकी पहचान आकांक्षा अवस्थी और उनके पति से फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के माध्यम से हुई थी। शुरुआती बातचीत में आरोपियों ने खुद को फिल्मी दुनिया में मजबूत पकड़ और आर्थिक रूप से बेहद प्रभावशाली बताया।

फिल्म स्टूडियो और 200 करोड़ के लालच से फंसाया गया निवेशक

शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने बड़े फायदे का लालच देकर पीड़ित को निवेश के लिए तैयार किया। अभिनेत्री के पति विवेक कुमार ने बिहार के बेतिया इलाके में एक गोदाम में 300 करोड़ रुपये नकद होने की कहानी सुनाई। उनका दावा था कि यह रकम कानूनी अड़चनों के कारण फंसी हुई है और थोड़ी मदद मिलने पर इसे जल्द निकाला जा सकता है।

आरोप है कि चार दिनों में 200 करोड़ रुपये ब्याज-मुक्त लौटाने का वादा किया गया। इस भरोसे को मजबूत करने के लिए आकांक्षा अवस्थी ने खुद सामने आकर पीड़ित को आश्वासन दिया। फिल्म इंडस्ट्री का नाम, शोहरत और बड़े पैसों की बातें सुनकर पीड़ित इस झांसे में आ गया।

मार्च से जुलाई 2024 के बीच 11.50 करोड़ रुपये का ट्रांसफर

पुलिस शिकायत के मुताबिक मार्च से जुलाई 2024 के बीच पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 11.50 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। भरोसा दिलाने के लिए आरोपियों ने पीड़ित को पटना ले जाकर कथित गोदाम से जुड़े कुछ दस्तावेज भी दिखाए। इतना ही नहीं, बेतिया ले जाने की योजना भी बनाई गई, ताकि कहानी को पूरी तरह सच साबित किया जा सके।

रहस्यमय ढंग से गायब हुआ पति

शिकायत में आगे बताया गया कि 5 जुलाई 2024 को जब सभी लोग बेतिया जा रहे थे, तभी विवेक कुमार मिठाई लेने के बहाने कार से उतरे और फिर वापस नहीं आए। कुछ देर बाद उनका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। शुरुआत में आरोपियों की ओर से बहाने बनाकर संपर्क किया जाता रहा, लेकिन कुछ ही दिनों में सभी पूरी तरह गायब हो गए।

28 जनवरी 2026 को दर्ज हुई FIR, पुलिस जांच में जुटी

आखिरकार 28 जनवरी 2026 को पीड़ित ने पंतनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आकांक्षा अवस्थी धोखाधड़ी मामले में FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और विश्वासघात से जुड़ी धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस बैंक लेनदेन, कथित फिल्म स्टूडियो, दिखाए गए दस्तावेजों और सभी आरोपियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews