बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह को मिली धमकी, मांगी करोड़ों की फिरौती, क्राइम ब्रांच ने शुरू की जांच

अभिनेता रणवीर सिंह को व्हाट्सएप पर एक वॉइस नोट के जरिए करोड़ों रुपये की फिरौती की धमकी मिली है, जिसके बाद मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब रणवीर एक ओर अपनी फिल्म 'धुरंधर' की सफलता का जश्न मना रहे हैं और दूसरी ओर 'डॉन 3' को लेकर विवादों में हैं।
Ranveer Singh

बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हाल ही में फिल्म ‘धुरंधर’ की सफलता का आनंद ले रहे एक्टर को अब एक धमकी भरा संदेश मिला है, जिसमें उनसे करोड़ों रुपये की मांग की गई है। यह धमकी व्हाट्सएप पर एक वॉइस नोट के जरिए भेजी गई है। मामले की जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच हरकत में आ गई है और जांच शुरू कर दी है।

सूत्रों के मुताबिक, धमकी भरा यह वॉइस नोट मिलने के बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश में जुट गई है जिसने यह संदेश भेजा है। हालांकि, इस मामले में अभी तक रणवीर सिंह या उनकी टीम की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। यह घटनाक्रम निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के कुछ समय बाद हुआ है, जिससे इंडस्ट्री में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

एक तरफ सफलता की उड़ान, दूसरी तरफ विवाद

रणवीर सिंह इन दिनों अपने करियर के एक दिलचस्प मोड़ पर हैं। उनकी हालिया रिलीज एक्शन-थ्रिलर ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उन्होंने ‘हमजा’ नाम के एक भारतीय जासूस का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद फिल्म ने रिकॉर्ड तोड़ कमाई की और अब यह ओटीटी पर भी उपलब्ध है। फिल्म को मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद मेकर्स ने इसके दूसरे पार्ट ‘धुरंधर 2’ की भी तैयारी शुरू कर दी है।

‘डॉन 3’ छोड़ने पर बढ़ा विवाद

जहां एक ओर रणवीर को ‘धुरंधर’ के लिए वाहवाही मिल रही है, वहीं दूसरी ओर वह फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर विवादों में घिर गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, रणवीर ने कथित तौर पर ‘डॉन 3’ प्रोजेक्ट बीच में ही छोड़ दिया है, जिससे फिल्म का प्रोडक्शन रुक गया है। दावा किया जा रहा है कि इससे प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। खबरों की मानें तो स्टूडियो ने इस नुकसान की भरपाई के लिए रणवीर सिंह से लगभग 40 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है। हालांकि, रणवीर की टीम ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि वह किसी भी तरह के भुगतान के लिए जिम्मेदार नहीं हैं। ऐसी भी चर्चाएं हैं कि अब इस फिल्म में उनकी जगह ऋतिक रोशन ले सकते हैं।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews