जैकी चैन ने रिकॉर्ड किया अपना ‘आखिरी गाना’, निधन के बाद दुनिया के लिए जारी होगा फेयरवेल सॉन्ग

मशहूर एक्टर जैकी चैन ने खुलासा किया है कि उन्होंने एक फेयरवेल सॉन्ग रिकॉर्ड किया है, जो दुनिया के लिए उनका आखिरी संदेश होगा। परिवार की सलाह पर यह गाना उनके निधन के बाद ही रिलीज किया जाएगा।
जैकी चैन ने रिकॉर्ड किया अपना 'आखिरी गाना', निधन के बाद दुनिया के लिए जारी होगा फेयरवेल सॉन्ग

हॉलीवुड के एक्शन सुपरस्टार और कुंग-फू फिल्मों के दिग्गज एक्टर जैकी चैन ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने एक ऐसा गाना रिकॉर्ड किया है, जिसे वह दुनिया के लिए अपना ‘आखिरी संदेश’ मानते हैं। यह खास गाना उनके निधन के बाद ही रिलीज किया जाएगा।

जैकी चैन ने यह जानकारी 28 दिसंबर को बीजिंग में अपनी नई फिल्म ‘अनएक्सपेक्टेड फैमिली’ के प्रीमियर के दौरान दी। उन्होंने बताया कि यह गाना उनकी भावनाओं को व्यक्त करता है, जिसे वह अपने जाने के बाद फैंस तक पहुंचाना चाहते हैं।

क्यों रिकॉर्ड किया ‘आखिरी गाना’?

China.org.cn की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जैकी चैन ने कहा कि बढ़ती उम्र के साथ उन्होंने कई करीबी दोस्तों और रिश्तेदारों को खो दिया है। इन घटनाओं ने उन्हें जीवन की सच्चाई पर गहराई से सोचने के लिए मजबूर किया। उन्होंने महसूस किया कि जीवन बहुत छोटा है और जो बातें दिल में हैं, उन्हें सही समय पर कह देना चाहिए।

इसी सोच के साथ उन्होंने यह गाना तैयार करवाया। उन्होंने कहा, “पिछले कुछ सालों में कई लोगों की मौतों ने मुझे सिखाया कि कुछ भी हमेशा के लिए नहीं रहता। इसलिए मैंने सोचा कि दुनिया से विदा लेने से पहले अपनी भावनाएं एक गाने के जरिए लोगों तक पहुंचा दूं।”

परिवार ने दी अभी रिलीज न करने की सलाह

हालांकि, जैकी चैन का यह गाना पूरी तरह तैयार है, लेकिन इसे अभी जारी नहीं किया जाएगा। उनके परिवार और टीम ने उन्हें सलाह दी कि इस गाने को अभी रिलीज करना ठीक नहीं है। इसके बाद यह फैसला लिया गया कि यह गाना फैंस के लिए उसी दिन उपलब्ध होगा, जब जैकी चैन इस दुनिया को अलविदा कहेंगे।

प्रीमियर के दौरान जब दर्शकों ने उनसे इस गाने की कुछ लाइनें सुनाने का अनुरोध किया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए मना कर दिया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा:

“अगर मैं अभी गा दूं, तो आप सब रोने लगेंगे।” — जैकी चैन

नई फिल्म में निभा रहे हैं अलग किरदार

बता दें कि जैकी चैन अपनी नई फिल्म ‘अनएक्सपेक्टेड फैमिली’ में एक बिल्कुल अलग भूमिका में नजर आ रहे हैं। इस फिल्म में वह एक्शन हीरो की छवि से हटकर एक ऐसे बुजुर्ग व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं, जो अल्जाइमर की बीमारी से जूझ रहा है। यह फिल्म उनके अभिनय के एक नए पहलू को दर्शाती है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews