आपके दिल को भी झकझोर देगी ये फिल्म, कहानी ने जीता सबका दिल, अमिताभ बच्चन भी हुए फैन

अभिषेक बच्चन की नई फिल्म 'कालीधर लापता' ओटीटी पर रिलीज होते ही दर्शकों के दिल में उतर गई है। बता दें कि 149 मिनट की इस इमोशनल कॉमेडी-ड्रामा फिल्म को ना सिर्फ लोगों का प्यार मिल रहा है, बल्कि महानायक अमिताभ बच्चन ने भी इसकी जमकर तारीफ की है।
आपके दिल को भी झकझोर देगी ये फिल्म, कहानी ने जीता सबका दिल, अमिताभ बच्चन भी हुए फैन

कुछ कहानियां होती हैं जो सीधे दिल को छू जाती हैं और ‘कालीधर लापता’ उन्हीं में से एक है। दरअसल 4 जुलाई 2025 को ZEE5 पर रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले ही दिन से दर्शकों के दिल में खास जगह बना ली है। फिल्म की कहानी, अभिनय और इमोशन का ऐसा मेल है, जो लंबे वक्त तक याद रहता है। खास बात ये कि खुद अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर इस फिल्म की तारीफ करते हुए इसे “दिल को झकझोर देने वाली कहानी” बताया है।

बता दें कि इस फिल्म में अभिषेक बच्चन ने ‘कालीधर’ का किरदार निभाया है जो अल्जाइमर से पीड़ित है। कालीधर ने अपनी पूरी जिंदगी अपने भाइयों और बहन की परवरिश में लगा दी, लेकिन जब उसे बीमारी होती है, तो वही परिवार उसे अकेला छोड़ देता है। फिल्म की शुरुआत में उसका दर्द और अकेलापन झकझोरता है, लेकिन एक 8 साल के अनाथ बच्चे बल्लू से मिलने के बाद उसकी जिंदगी का नजरिया बदलता है। फिल्म की सबसे खास बात इसका ट्रीटमेंट है, जिसमें गंभीर विषय को भी हल्के-फुल्के और इमोशनल टच के साथ दिखाया गया है। अभिषेक बच्चन ने कालीधर के किरदार को इतनी संवेदनशीलता से निभाया है कि कई सीन्स में आंखें नम हो जाती हैं। उनका ट्रांसफॉर्मेशन, एक्सप्रेशन्स और बॉडी लैंग्वेज फिल्म की जान है।

फिल्म को किसने किया है डायरेक्ट?

वहीं ‘कालीधर लापता’ की कहानी जितनी मजबूत है, उतनी ही शानदार इसकी कास्टिंग और डायरेक्शन है। फिल्म में अभिषेक के अलावा मोहम्मद जीशान अय्यूब, निम्रत कौर और अभिषेक झा जैसे कलाकार भी अहम रोल में हैं, जिन्होंने अपने किरदारों को बखूबी निभाया है।

इस फिल्म को डायरेक्ट किया है मधुमिता ने, जिन्होंने इससे पहले भी कंटेंट-बेस्ड फिल्मों से अपनी पहचान बनाई है। फिल्म की स्क्रिप्ट को मधुमिता और अमितोश नागपाल ने मिलकर लिखा है, जिसमें इमोशन, ह्यूमर और रियलिटी का बेहतरीन बैलेंस है। बैकग्राउंड स्कोर और कैमरा वर्क भी फिल्म को विजुअली और इमोशनली स्ट्रॉन्ग बनाते हैं।

सोशल मीडिया पर छाया जादू

दरअसल 149 मिनट की इस फिल्म को IMDb पर 10 में से 8.3 की शानदार रेटिंग मिली है, जो बताती है कि यह सिर्फ क्रिटिक्स ही नहीं, ऑडियंस को भी खूब पसंद आ रही है। ZEE5 पर यह फिल्म रिलीज के साथ ही देशभर की टॉप 10 फिल्मों में नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही है। अमिताभ बच्चन ने ट्विटर पर फिल्म के बारे में लिखते हुए लिखा, “‘कालीधर लापता’ एक खूबसूरत और सच्ची कहानी है, जिसमें इंसानियत और रिश्तों की अहमियत को बहुत ही सादगी से दिखाया गया है। अभिषेक पर गर्व है।”

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews