MAMI अवॉर्ड के बाद मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘जुगनूमा’ OTT पर रिलीज, जानें कहां देख सकते हैं?

कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में सराहना पाने वाली मनोज बाजपेयी की फिल्म 'जुगनूमा: द फेबल' अब ओटीटी पर आ गई है। राम रेड्डी द्वारा निर्देशित इस अवॉर्ड विनिंग फिल्म को दर्शक Amazon Prime Video पर देख सकते हैं।
MAMI अवॉर्ड के बाद मनोज बाजपेयी की फिल्म 'जुगनूमा' OTT पर रिलीज, जानें Prime Video पर कैसे देखें

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मनोज बाजपेयी की बहुप्रशंसित फिल्म ‘जुगनूमा: द फेबल’ ने सिनेमाघरों के बाद अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक दे दी है। दुनियाभर के फिल्म समारोहों में अपनी कहानी और अभिनय के लिए तारीफें बटोर चुकी यह फिल्म अब Amazon Prime Video पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है। जिन दर्शकों ने इसे बड़े पर्दे पर नहीं देखा, वे अब घर बैठे इसका आनंद ले सकते हैं।

राम रेड्डी द्वारा लिखित और निर्देशित इस फिल्म ने अपनी अनूठी कहानी से समीक्षकों का दिल जीता है। फिल्म को यूनाइटेड किंगडम में 38वें लीड्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिला था। इसके अलावा, 2024 में MAMI मुंबई फिल्म फेस्टिवल में भी इसे स्पेशल जूरी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।

क्या है ‘जुगनूमा’ की कहानी?

फिल्म ‘जुगनूमा’ की कहानी 1989 के दौर में स्थापित है। यह हिमालय में एक बगीचे के अमीर मालिक ‘देव’ (मनोज बाजपेयी) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो हाथ से बने पंखों का इस्तेमाल करके आसमान में उड़ने का अनोखा शौक रखता है। उसकी शांत और जादुई जिंदगी में तब भूचाल आ जाता है, जब उसके बाग के पेड़ रहस्यमयी तरीके से जलने लगते हैं। इसके बाद फिल्म एक रोमांचक थ्रिलर का रूप ले लेती है, जहां देव को अपने और अपने परिवार की असली पहचान का सामना करना पड़ता है।

कहां और कैसे देखें फिल्म?

मनोज बाजपेयी की यह ड्रामा-थ्रिलर फिल्म अब ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर देखी जा सकती है। स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने खुद फिल्म का पोस्टर साझा कर इसकी जानकारी दी।

“जब जिंदगी जादू से मिलती है – जुगनूमा प्राइम पर देखें।” — Prime Video

इस फिल्म में मनोज बाजपेयी के अलावा हीरल सिद्धू, प्रियंका बोस, अवन पूकोट, तिलोत्तमा शोम, दीपक डोबरियाल और गुरपाल सिंह जैसे मंझे हुए कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म को प्रताप रेड्डी, सनमिन पार्क, गुनीत मोंगा, अनुराग कश्यप और गणेश शेट्टी जैसे जाने-माने निर्माताओं ने प्रोड्यूस किया है।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews