Hindi News

मनोज बाजपेयी बने ‘घूसखोर पंडत’, Netflix पर आएगी नीरज पांडे की नई फिल्म, दमदार टीजर रिलीज

Written by:Rishabh Namdev
Published:
मनोज बाजपेयी एक बार फिर पुलिस ऑफिसर के किरदार में नजर आएंगे, लेकिन इस बार वह एक भ्रष्ट पुलिसकर्मी बने हैं। नेटफ्लिक्स ने उनकी नई फिल्म 'घूसखोर पंडत' का दमदार टीजर जारी कर दिया है, जिसका निर्देशन नीरज पांडे ने किया है।
मनोज बाजपेयी बने ‘घूसखोर पंडत’, Netflix पर आएगी नीरज पांडे की नई फिल्म, दमदार टीजर रिलीज

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मनोज बाजपेयी एक बार फिर अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार हैं। ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने अपनी आने वाली फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ का ऐलान करते हुए इसका टीजर जारी कर दिया है। इस फिल्म में मनोज बाजपेयी एक भ्रष्ट पुलिस ऑफिसर की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन मशहूर डायरेक्टर नीरज पांडे कर रहे हैं।

मंगलवार को नेटफ्लिक्स ने अपने कई नए प्रोजेक्ट्स की घोषणा की, जिसमें ‘घूसखोर पंडत’ भी शामिल है। फिल्म के अनाउंसमेंट के साथ ही जारी किए गए टीजर ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।

कैसा है ‘घूसखोर पंडत’ का टीजर?

फिल्म का टीजर काफी दमदार और बांधकर रखने वाला है। इसमें मनोज बाजपेयी को SI अजय दीक्षित के किरदार में दिखाया गया है, जिसे लोग ‘घूसखोर पंडत’ के नाम से जानते हैं। टीजर से साफ है कि वह एक भ्रष्ट पुलिसकर्मी हैं। हालांकि, उनकी जिंदगी में एक ऐसा मोड़ आता है जो उन्हें खुद को बदलने का मौका देता है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Netflix India (@netflix_in)

क्या बदल पाएगा एक भ्रष्ट ऑफिसर?

टीजर के बैकग्राउंड में चल रही आवाज से कहानी की एक झलक मिलती है कि एक लड़की का केस SI अजय दीक्षित को सुधरने का मौका देगा। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह ‘घूसखोर पंडत’ खुद को बदल पाता है या नहीं। नेटफ्लिक्स ने टीजर को एक खास कैप्शन के साथ शेयर किया है।

“हर करप्ट ऑफिसर को बदलने का एक ना एक मौका मिलता है. अब ऑफिसर अजय दीक्षित की बारी है.”

फिल्म की स्टारकास्ट और रिलीज

मनोज बाजपेयी के अलावा इस फिल्म में कई और जाने-माने कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म की स्टारकास्ट में दिव्या दत्ता, नुसरत भरूचा, कीकू शारदा, श्रद्धा दास, अक्षय ओबेरॉय और साकिब सलीम जैसे एक्टर्स शामिल हैं। नीरज पांडे के निर्देशन में बन रही यह फिल्म साल 2026 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। हालांकि, अभी इसकी रिलीज की कोई निश्चित तारीख सामने नहीं आई है।