साउथ सुपरस्टार नानी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पैराडाइज’ की रिलीज डेट को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर एक नई बहस छिड़ी हुई है। दरअसल फिल्म की रिलीज में देरी की अटकलों ने जब जोर पकड़ा, तो फिल्म निर्माताओं को आगे आकर स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी। वहीं इस स्थिति में, मेकर्स ने न सिर्फ रिलीज में देरी की खबरों को सिरे से खारिज किया, बल्कि फिल्म के री-शूट को लेकर उड़ रही अफवाहों पर भी विराम लगाया है।
दरअसल ‘पैराडाइज’ को पहले मार्च 2026 में सिनेमाघरों में दस्तक देनी थी। लेकिन, ‘धुरंधर 2’ जैसी एक और बड़ी फिल्म के साथ बॉक्स ऑफिस पर सीधा टकराव टालने के लिए फरवरी माह में निर्माताओं ने इसकी रिलीज को स्थगित करने का निर्णय लिया था। तब यह घोषणा की गई थी कि फिल्म अब 21 अगस्त, 2026 को दर्शकों के सामने आएगी। हाल ही में, फिल्म की रिलीज तारीख एक बार फिर टलने की खबरें तेजी से फैलने लगीं। इन बातों ने दर्शकों और ट्रेड पंडितों दोनों के बीच चिंता पैदा कर दी। ऐसी स्थिति में, फिल्म के मेकर्स ने तुरंत इन अफवाहों का खंडन किया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि फिल्म अपने निर्धारित समय पर यानी अगस्त में ही रिलीज होगी।
ये भी पढ़ें
शूटिंग शेड्यूल में कोई देरी नहीं हुई
फिल्म के निर्माताओं ने एक आधिकारिक पोस्ट जारी कर अपनी बात रखी। उन्होंने लिखा, ‘पिछले कुछ दिनों से हम लगातार यह देख रहे हैं कि ‘पैराडाइज’ को लेकर कई निराधार अफवाहें फैलाई जा रही हैं। हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि ‘पैराडाइज’ परियोजना पहले दिन से ही पूरी पारदर्शिता और स्पष्टता के साथ आगे बढ़ी है। फिल्म का निर्माण ठीक उसी योजना के अनुसार हो रहा है, जैसा कि शुरू में तय किया गया था।’ मेकर्स ने आगे बताया कि फिल्म के सौ से अधिक शूटिंग दिवस पहले ही पूरे हो चुके हैं। शेष शूटिंग शेड्यूल भी पूरी तरह से योजनाबद्ध तरीके से चल रहा है और इसमें किसी प्रकार की कोई देरी नहीं हुई है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि अभी तक फिल्म का एक भी री-शूट नहीं किया गया है, और न ही भविष्य में किसी री-शूट की कोई योजना है। फिल्म निर्माण का हर चरण अत्यंत बारीकी और दृढ़ता के साथ पूरा किया गया है, ठीक वैसे ही जैसा कि इस फिल्म के बारे में सोचा गया था।
मेकर्स दर्शकों और मीडिया से अनुरोध किया
निर्माताओं ने दर्शकों और मीडिया से अनुरोध किया कि वे केवल उनके आधिकारिक चैनलों के माध्यम से जारी किए गए अपडेट्स पर ही भरोसा करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि फिल्म से संबंधित कोई भी जानकारी सीधे तौर पर उनके आधिकारिक प्लेटफॉर्म्स से ही दी जाएगी। उन्होंने दोहराया कि ‘पैराडाइज’ पूरी तरह से ट्रैक पर है और वे आगामी गतिविधियों को लेकर बेहद उत्साहित हैं। फिल्म 21 अगस्त, 2026 को भव्य तरीके से रिलीज होगी। यह जानकारी तब सामने आई है जब नानी के प्रशंसक उनके नए अवतार को लेकर उत्साहित हैं। गौरतलब है कि नानी को पिछली बार वर्ष 2024 में रिलीज हुई फिल्मों ‘सरिपोधा सनीवारम’ और ‘हिट’ में देखा गया था। अब ‘पैराडाइज’ में वे एक बिल्कुल नए और अलग अवतार में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में नानी लंबे बालों और नोजपिन के साथ दर्शकों के सामने आएंगे, जो उनके प्रशंसकों के लिए एक नया अनुभव होगा।
