बादशाह के ‘टटिहरी’ गाने पर बवाल, हरियाणा पुलिस ने सिंगर के​ खिलाफ दर्ज की FIR, लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया शुरू

मशहूर रैपर बादशाह अपने नए गाने 'टटीरी' को लेकर कानूनी मुश्किलों में घिर गए हैं। गाने में आपत्तिजनक शब्दों और दृश्यों के इस्तेमाल पर हरियाणा के पंचकूला और जींद में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। हरियाणा पुलिस ने मामले में सख्ती दिखाते हुए लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Badshah

मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह के नए गाने ‘टटीरी’ पर विवाद इतना बढ़ गया है कि अब हरियाणा पुलिस ने उनके खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। गाने में अश्लीलता और महिलाओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणी के आरोपों के बाद पंचकूला और जींद में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बादशाह के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है ताकि वह देश छोड़कर न जा सकें।

पुलिस की टीमें रैपर की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। इस बीच, बढ़ते विवाद के बाद गाने को यूट्यूब से हटा दिया गया है और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भी इसे हटाने की तैयारी चल रही है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि जो कोई भी इस गाने या इससे जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री को शेयर करेगा, उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पंचकूला में FIR, ‘पाठशाला को बेडशाला’ कहने का आरोप

पंचकूला के साइबर थाने में अभय चौधरी नामक एक शख्स ने बादशाह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। ‘दैनिक भास्कर’ की रिपोर्ट के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि गाने में कई दृश्य और शब्द बेहद आपत्तिजनक हैं। गाने में स्कूल को ‘पाठशाला’ की जगह ‘बेडशाला’ कहा गया है, जो शिक्षण संस्थानों का अपमान है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि ‘आया बादशाह डोली चढाने, इन सबकी घोड़ी बनाने’ जैसी लाइनें महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं और समाज में अश्लीलता का संदेश देती हैं। हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनु भाटिया ने भी इन शब्दों को महिलाओं को ‘ऑब्जेक्टिफाई’ करने वाला बताया है। इसी मामले में महिला आयोग ने बादशाह को 13 मार्च को पेश होने के लिए समन भी भेजा है।

जींद रोडवेज और सरकारी स्कूल के इस्तेमाल पर भी विवाद

गाने को लेकर एक और विवाद जींद में सामने आया है। गाने की शूटिंग में जींद रोडवेज डिपो की एक बस का इस्तेमाल किया गया है, जिसके लिए विभाग से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। डिपो के जनरल मैनेजर का कहना है कि यह हरियाणा रोडवेज की छवि को धूमिल करने की कोशिश है।

इसके अलावा, गाने में नरवाना के सच्चा खेड़ा गांव के एक सरकारी स्कूल को भी बिना इजाजत के दिखाया गया है। गाने के एक दृश्य में स्कूल की लड़कियों को बस के ऊपर चढ़कर गाते और अपने स्कूल बैग फेंकते हुए दिखाया गया है, जिस पर कई सामाजिक संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई है।

कौन हैं हरियाणा के बादशाह?

बादशाह का असली नाम आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया है और वह मूल रूप से हरियाणा के करनाल जिले के उचानी गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता एक सरकारी कर्मचारी थे। दिल्ली और चंडीगढ़ में पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने म्यूजिक की दुनिया में कदम रखा। बादशाह ने कई हिट गाने दिए हैं, लेकिन उनका नाता विवादों से भी पुराना रहा है। ‘टटीरी’ गाने का मामला उनके करियर के सबसे बड़े विवादों में से एक बन गया है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews