सलमान खान की रहस्यमयी पोस्ट से बढ़ी फैंस की टेंशन, मां सलमा ने भी पूछा- “तू ठीक है?”

अकेलेपन पर सलमान खान की क्रिप्टिक पोस्ट ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। फैंस से लेकर परिवार तक परेशान हो गया। बाद में खुद सलमान ने सामने आकर सफाई दी और बताया कि उनकी पोस्ट का गलत मतलब निकाला गया।
सलमान खान

रविवार रात सलमान खान की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने फैंस को अचानक चिंता में डाल दिया। पोस्ट में अकेलेपन और तनहाई की बात लिखी गई थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कई लोगों को लगा कि शायद सलमान खान किसी भावनात्मक दौर से गुजर रहे हैं।

देखते ही देखते यह पोस्ट वायरल हो गई। फैंस लगातार कमेंट कर सलमान का हाल पूछने लगे। बात यहां तक पहुंच गई कि उनकी मां सलमा खान भी परेशान हो गईं। बाद में सलमान खान को खुद सामने आकर सफाई देनी पड़ी।

अकेलेपन वाली पोस्ट ने मचाई हलचल

दरअसल सलमान खान ने अपनी एक शर्टलेस फोटो शेयर की थी। इसके साथ उन्होंने लिखा था कि “खुद के साथ रहने के दो तरीके होते हैं, अकेला और लोनली।” इस पोस्ट के बाद फैंस को लगा कि सलमान खान शायद अपने जीवन के किसी मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोगों ने उनकी मानसिक स्थिति को लेकर चर्चा शुरू कर दी। कुछ फैंस ने उन्हें मजबूत रहने की सलाह दी तो कुछ ने लिखा कि “भाईजान हम आपके साथ हैं।”

मां सलमा भी हो गईं परेशान

जब यह पोस्ट हर जगह चर्चा का विषय बन गई, तब इसकी खबर सलमान खान की मां सलमान खान तक भी पहुंच गई। मीडिया में चल रही खबरें देखकर उन्होंने बेटे से पूछ लिया कि आखिर बात क्या है।

इसके बाद सलमान खान ने एक और पोस्ट शेयर कर साफ किया कि वे अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में बात नहीं कर रहे थे। उन्होंने लिखा कि उनका परिवार और दोस्त इतने बड़े हैं कि वे कभी अकेले नहीं हो सकते। सलमान ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “मम्मी पूछ रही हैं क्या हुआ बेटा? चिल मारो यार।”

“मी टाइम” चाहते थे सलमान खान

सलमान खान ने अपनी सफाई में कहा कि कभी-कभी इंसान लोगों के बीच रहकर थक जाता है और उसे थोड़ा “मी टाइम” चाहिए होता है। उन्होंने कहा कि उनकी पोस्ट का गलत मतलब निकाला गया। सलमान ने फैंस का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें इतना प्यार और दुआएं मिलती हैं कि वे खुद को कभी अकेला महसूस नहीं कर सकते।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई पोस्ट

सलमान खान की यह पोस्ट कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इंस्टाग्राम और एक्स पर लाखों लोगों ने इस पर प्रतिक्रिया दी। कई फैंस ने लिखा कि सलमान खान हमेशा दूसरों को खुश रखते हैं, इसलिए उन्हें दुखी देखना अच्छा नहीं लगता। कुछ यूजर्स ने इसे जिंदगी से जुड़ा गहरा मैसेज बताया, जबकि कुछ लोगों ने इसे सिर्फ एक सामान्य विचार माना।

पहले भी चर्चा में रह चुके हैं सलमान खान

सलमान खान अक्सर अपने सोशल मीडिया पोस्ट की वजह से चर्चा में रहते हैं। कभी फिटनेस, कभी फिल्मों तो कभी निजी जिंदगी को लेकर उनके पोस्ट वायरल होते रहते हैं। हाल ही में सलमान खान अपनी आने वाली फिल्मों और फिटनेस ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर भी सुर्खियों में बने हुए हैं। उनकी हर पोस्ट पर फैंस की नजर रहती है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews