
शाहरुख खान की आने वाली फिल्म ‘किंग’ को लेकर उनके फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज बना हुआ है। फिल्म का प्रमोशन अभी से शुरू हो गया है और मेकर्स फैंस को सरप्राइज देने की पूरी तैयारी में हैं।
दरअसल फिल्म के डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद के एक हालिया ट्वीट ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी थी। अब साफ हो गया है कि शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन यानी 2 नवंबर 2026 को फिल्म का पहला गाना रिलीज किया जाएगा, जिसे अरिजीत सिंह ने गाया है।
अरिजीत सिंह की आवाज से शुरू होगा फिल्म का प्रमोशन
खबरों के मुताबिक 2 नवंबर को आने वाला यह गाना बहुत बड़े लेवल पर फिल्म के मुख्य प्रमोशन की शुरुआत करेगा। इस खबर के बाहर आते ही फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं है। अरिजीत सिंह और शाहरुख खान की जोड़ी पहले भी कई ब्लॉकबस्टर गाने दे चुकी है। ऐसे में ‘किंग’ के इस पहले ट्रैक से मेकर्स को बहुत उम्मीदें हैं और यह गाना आते ही चार्टबस्टर बनने के लिए तैयार है।
म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर प्रोजेक्ट से हुए बाहर
फिल्म के म्यूजिक को लेकर एक बड़ी खबर यह भी है कि मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर अब इस फिल्म का हिस्सा नहीं हैं। उन्होंने इस बड़े प्रोजेक्ट से खुद को अलग कर लिया है।
अनिरुद्ध साउथ की कई फिल्मों में बिजी चल रहे थे और ‘किंग’ को पूरा वक्त नहीं दे पा रहे थे। शाहरुख खान और सिद्धार्थ आनंद फिल्म की रिलीज में देरी नहीं करना चाहते थे, इसलिए अनिरुद्ध ने आपसी सहमति से हटने का फैसला लिया।
सचिन-जिगर संभालेंगे फिल्म का म्यूजिक
अनिरुद्ध के जाने के बाद अब ‘किंग’ के बैकग्राउंड स्कोर और बाकी गानों की पूरी जिम्मेदारी मशहूर म्यूजिक जोड़ी सचिन-जिगर के हाथों में सौंप दी गई है।अनिरुद्ध ने अलग होने से पहले फिल्म के लिए एक थीम ट्रैक तैयार कर दिया था। अब सचिन-जिगर उसी थीम ट्रैक में अपने हिसाब से बदलाव करेंगे और फिल्म का बाकी म्यूजिक तैयार करेंगे।

