
सिर्फ 31 साल की उम्र में तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के एक्टर के भरत कांत ने दुनिया को अलविदा कह दिया। दरअसल हैदराबाद में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में उनकी जान चली गई। वहीं इस खबर के सामने आते ही साउथ फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। उनके फैंस और साथी कलाकार इस अचानक हुए निधन से स्तब्ध हैं। सोशल मीडिया पर भी हलचल मच गई और कई फैंस ने तुरंत अपनी संवेदनाएं व्यक्त करना शुरू कर दिया। रविवार को हैदराबाद में हुई यह घटना तेलुगु फिल्म उद्योग के लिए एक बड़ा झटका साबित हुई है।
कैसे हुआ हादसा?
वाईन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह भयानक हादसा रविवार को हैदराबाद के आउटर रिंग रोड पर आदिबाटला इलाके के पास हुआ। भरत अपने दोस्त जी साई त्रिलोक के साथ कार में सफर कर रहे थे। त्रिलोक पेशे से सिनेमैटोग्राफर थे। दोनों हैदराबाद के आउटर रिंग रोड पर आदिबाटला इलाके के पास से गुजर रहे थे। कार को भरत खुद चला रहे थे। सफर के दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया। संतुलन बिगड़ने के बाद कार सीधे एक कंटेनर ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि भरत और त्रिलोक दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कंटेनर ट्रक के पहिए भी निकल गए थे। टकराव से कार की हालत भी बेहद खराब हो गई थी और वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी।
दोनों शवों को कब्जे में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने दोनों शवों को कब्जे में लिया। उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। अब इस पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कार का संतुलन बिगड़ने का असल कारण क्या था।
View this post on Instagram
कौन थे के भरत कांत?
के भरत कांत मूल रूप से आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले के रहने वाले थे। वह एक एक्टर होने के साथ-साथ एक प्रतिभाशाली डांसर और कंटेंट क्रिएटर भी थे। भरत की सोशल मीडिया पर अच्छी खासी फैन फॉलोइंग थी। वह अपने फैंस के साथ लगातार जुड़े रहते थे और अपनी गतिविधियों को साझा करते थे। उन्होंने अपने करियर में कई तेलुगु फिल्मों और शॉर्ट फिल्मों में काम किया था। उनकी कुछ लोकप्रिय फिल्मों में ‘तेनांत’ और ‘ग्रामम’ शामिल हैं, जिनमें उनके अभिनय को काफी सराहा गया था।
भरत के निधन के बाद उनकी एक आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में आ गई है। यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। इस पोस्ट में वह थाईलैंड के बैंकॉक स्थित एक मॉल में नजर आ रहे थे। उन्होंने तेलुगु में एक छोटा और दिल को छू लेने वाला कैप्शन लिखा था, ‘मुझे ये कहना ही पड़ेगा, तुम बहुत खूबसूरत हो’। उनके अचानक चले जाने से साउथ फिल्म इंडस्ट्री के लोग और उनके लाखों फैंस गहरे सदमे में हैं।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

