राजधानी को रफ्तार की सौगात: सीएम डॉ. मोहन यादव और मनोहर लाल खट्टर आज करेंगे भोपाल मेट्रो का उद्घाटन, जानिए रूट, टिकट दरें और अन्य जरूरी जानकारी

आज से भोपाल के परिवहन में नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। मेट्रो सेवा के उद्घाटन के साथ ही राजधानी को आधुनिक, तेज और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलने लगेगी। पहले चरण में सुभाष नगर से एम्स तक ऑरेंज लाइन के प्रायोरिटी कॉरिडोर पर मेट्रो चलेगी, जिसमें आठ स्टेशन शामिल हैं। यह सेवा शहर के बढ़ते ट्रैफिक को कम करने और ईको-फ्रेंडली यात्रा को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगी।
Bhopal Metro

File Photo

भोपालवासियों का लंबा इंतज़ार आज खत्म होने जा रहा है। आज भोपाल मेट्रो का उद्घाटन होने जा रहा है। सीएम डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर शाम 4 बजे कुशाभाऊ अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में इसका शुभारंभ करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन पर हरी झण्डी दिखाकर मेट्रो को रवाना करेंगे और मेट्रो की सवारी भी करेंगे।

आम नागरिक मेट्रो सेवा 21 दिसंबर से प्रारंभ हो जाएगी। पहले चरण में ऑरेंज लाइन ‘प्रायोरिटी कॉरीडोर’ का शुभारंभ किया जा रहा है। इसमें सुभाष नगर से एम्स तक लगभग 6.22 किलोमीटर के रूट पर मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी। इसमें कुल आठ स्टेशन शामिल हैं।  भोपाल मेट्रो की टिकट 20 रुपए  से शुरू होकर अधिकतम 40 रुपए तक रहेगी, जो स्टेशनों की दूरी पर निर्भर करेगी।

सीएम डॉ. मोहन यादव आज करेंगे मेट्रो का उद्घाटन

इस रविवार अगर आपका तफरीह का मूड है और आप राजधानी भोपाल में हैं तो मेट्रो के सफर का लुत्फ उठा सकते हैं। संडे से भोपालवालों के लिए मेट्रो रेल सेवा शुरु हो रही है। आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर मेट्रो सेवा का उद्घाटन करेंगे। भोपाल मेट्रो परियोजना की कुल लंबाई 30.8 किलोमीटर है। इसमें दो लाइनें शामिल हैं ऑरेंज लाइन (16.74 किमी) और ब्लू लाइन (14.16 किमी) शामिल है। इस पूरी परियोजना पर लगभग 10,033 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। पहले चरण में शुरु की जा रही प्रायोरिटी कॉरिडोर की लागत 2,225 करोड़ रुपये है। भविष्य में दोनों कॉरिडोर पूरे होने पर मेट्रो रेल शहर के अधिकांश हिस्सों को जोड़ेगी।

पहले चरण में शुरू होगा ‘प्रायोरिटी कॉरिडोर’

भोपाल मेट्रो के पहले चरण में ऑरेंज लाइन के प्रायोरिटी कॉरिडोर को शुरू किया जा रहा है। यह करीब 7 किलोमीटर लंबा है और इसमें कुल 8 एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं। ये स्टेशन हैं एम्स, अलकापुरी, डीआरएम ऑफिस, रानी कमलापति स्टेशन, एमपी नगर, बोर्ड ऑफिस चौराहा, केन्द्रीय विद्यालय और सुभाष नगर। यह कॉरिडोर शहर के व्यस्त इलाकों को जोड़ता है, जिससे दफ्तर जाने वालों, छात्रों और मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। इस कॉरीडोर में प्रतिदिन 3 हजार लोगों के यात्रा करने का अनुमान है।

मेट्रो में मिलेंगी ये सुविधाएं

भोपाल मेट्रो में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक इंतज़ाम किए गए हैं। सभी स्टेशनों पर सुविधाजनक यात्रा के लिए हाई-स्पीड लिफ्ट और एस्केलेटर उपलब्ध हैं। दिव्यांगजनों के लिए सुगम प्रवेश, व्हीलचेयर सुविधा और ब्रेल साइनेज की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा मानकों के तहत एआई आधारित सीसीटीवी निगरानी, प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर और ग्रेड-4 सिग्नलिंग सिस्टम लगाया गया है। मेट्रो को ईको-फ्रेंडली बनाने के लिए रीजेनेरेटिव ब्रेकिंग के जरिए ऊर्जा उत्पादन और सोलर पावर का उपयोग किया जा रहा है। एसी कोच में आरामदायक सीटिंग और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट की सुविधा दी गई है। इसके साथ ही स्मार्ट तकनीक के तहत ऑडियो-विजुअल यात्री सूचना प्रणाली और हाई-टेक ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर से पूरे संचालन की निगरानी की जाएगी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews